Edited By bhavita joshi,Updated: 05 Jan, 2019 12:51 PM
मौलीजागरां स्थित पार्क में खड़े 6 युवकों ने बीती वीरवार रात पी. सी. आर. गाड़ी के दो पुलिस कर्मियों पर पथराव कर दिया।
चंडीगढ़ (सुशील): मौलीजागरां स्थित पार्क में खड़े 6 युवकों ने बीती वीरवार रात पी. सी. आर. गाड़ी के दो पुलिस कर्मियों पर पथराव कर दिया। दोनों पुलिस कर्मियों ने पी. सी. आर. गाड़ी के पीछे छिप कर जान बचाई और मामले की सूचना पुलिस को दी। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पथराव करने वाले दो युवकों को दबोच लिया। मौका पाकर चार युवक फरार हो गए।
पकड़े गए युवकों की पहचान मौलीजागरां के आकाश और रोहित के रूप में हुई। पथराव में पी. सी. आर. ड्राइवर साइड का शीशा टूट गया। कांस्टेबल अजय सिंह की शिकायत पर मौलीजागरां थाना पुलिस ने मारपीट और सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने पर आकाश, रोहित समेत आधा दर्जन युवकों पर केस दर्ज कर लिया।
देर रात पार्क में खड़े होने की वजह पूछी तो करने लगे गाली- गलौच
कांस्टेबल अजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते वीरवार रात उसकी ड्यूटी पी. सी. आर. की ईको 18 पर थी। उसके साथ ड्यूटी पर होमगॉर्ड जवान फूल सिंह था। वह मौलीजागरां के मकान नंबर 1315 के पास पेट्रोलिंग कर रहे थे, उन्हें मकान के सामने पार्क में आधा दर्जन युवक संदिगध हालत में खड़े दिखे। वह गाड़ी से उतरा और युवको को देर रात पार्क में खड़े होने का कारण पूछने लगा। अजय ने आरोप लगाया कि युवक उसके साथ बहस करने लगे। इतने में गाड़ी में बैठा होमगार्ड जवान फूल सिंह भी मौके पर आ गया। युवक उनसे बहस के बाद गाली- गलौच करने लगे। जब वह पकड़ने लगे तो उन्होंने पथराव करना शुरू कर दिया। वे दोनों गाड़ी की तरफ भागे। इतने में एक पत्थर आया और गाड़ी की ड्राइवर साइड के शीशे में लगा। उसने मामले की सुचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो युवकों आकाश व रोहित को दबोच लिया।