Edited By Ajesh K Dharwal,Updated: 28 Feb, 2021 08:42 PM
पुलिस अधिकारियों को पदोन्नति पाने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा
चंडीगढ़, (बंसल): हरियाणा में अब सब-इंस्पैक्टर (एस.आई.) रैंक के पुलिस अधिकारियों को पदोन्नति पाने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पात्र बनते ही उन्हें इंस्पैक्टर के पद पर पदोन्नति मिल जाएगी।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) मनोज यादव ने बताया कि पुलिस विभाग ने वर्ष में एक बार विभागीय पदोन्नति समिति (डी.पी.सी.) की बैठक आयोजित करने के लिए पैरामीटर निर्धारित किए हैं, जिसमें उन सभी पात्र सब-इंस्पैक्टर के नाम शामिल होंगे, जो पूरे वर्ष के दौरान प्रोमोशन के नियम व मापदंड को पूरा करते हैं। डी.पी.सी. बैठक की सिफारिश के बाद उनका पदोन्नति आदेश पात्रता के नियम पूरे करते ही उस माहीने जारी कर दिया जाएगा।
‘2020 में 184 अधिकारी हुए प्रोमोट’
डी.जी.पी. ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के हित में शुरू किए गए नए सिस्टम से हमने 2020 में हरियाणा पुलिस विभाग की विभिन्न इकाइयों में तैनात 184 सब-इंस्पैक्टरों को इंस्पैक्टर के पद पर पदोन्नत किया है जिसमें 116 पुरुष अधिकारी, 19 महिला अधिकारी, टैलीकॉम विंग के 20, आई.आर.बी. के 19, स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के 4 और स्थापना इकाई के 6 अधिकारी शामिल हैं।
‘7818 पुलिसकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू’
इसके अतिरिक्त हम सभी स्तरों पर सभी इकाइयों में सभी श्रेणियों के पदों पर पदोन्नति करने की प्रक्रिया में भी तेजी ला रहे हैं। डी.जी.पी. ने कहा कि पुलिस-पब्लिक अनुपात को और बेहतर बनाने के प्रयास में हरियाणा पुलिस साल 2021 में अपनी कुल संख्या में 10 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों को जोडऩे के लिए तैयार है। 7818 पुलिसकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसमें 5500 पुरुष कांस्टेबल, 1100 महिला कांस्टेबल, एच.ए.पी. दुर्गा-1 के लिए 698 महिला कांस्टेबल और 520 पुरुष कमांडो शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पुलिस बल में महिलाओं का प्रतिनिधित्व भी काफी बढ़ेगा।
कुल पदों में से 7298 पद पहले ही विज्ञापित किए जा चुके हैं जबकि 520 पदों के लिए भर्ती एजैंसी को लिखा जा चुका है। उन्होंने कहा हरियाणा राज्य में 112 इमरजैंसी रिस्पांस व्हीकल सिस्टम के लिए लगभग 4500 मौजूदा पुलिसकर्मियों को लगाया जाएगा। इसलिए भी पुलिस बल में वृद्धि की जा रही है। बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ, अपराध दर को कम करने के लिए भी पुलिस बल की संख्या में बढ़ोत्तरी करना आवश्यक है।