Edited By Priyanka rana,Updated: 14 Dec, 2018 12:10 PM
गांव करनपुर में एक ही रात में पांच घरों को चोरों ने निशाना बनाया और 12 लाख के सोने के गहने और दो घरों से 53 हजार रुपए लेकर फरार हो गए।
पिंजौर(तरसेम) : गांव करनपुर में एक ही रात में पांच घरों को चोरों ने निशाना बनाया और 12 लाख के सोने के गहने और दो घरों से 53 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सरपंच जसविंद्र कौर व रघुवीर सिंह ने बताया कि उन्हें पांच घरों में चोरी का पता चला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस व सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके का जायजा लिया।
यहाँ हुई वारदातें :
पहली वारदात : हरदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह उठे तो देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से सोने का हार, चार अंगूठियां, एक सोने का कड़ा, बालियां व 50 हजार रुपए चुरा ले गए। गहनों की कीमत करीब 12 लाख रुपए है।
दूसरी वारदात : गांव के तरसेम सिंह ने बताया कि परिवार के साथ शादी में गया था। चोरी की सूचना गांववालों ने दी। जब घर पहुंचा तो देखा कि सामान बिखरा पड़ा था। चोर तीन हजार रुपए चुरा ले गए।
तीसरी वारदात : गांव के मलकीयत सिंह परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में शादी समारोह में गया था। घर के भी ताले टूटे हुए थे। घर से क्या चोरी हुआ, यह जांच के बाद ही पता चलेगा।
चौथी वारदात : गांव के बलदेव सिंह ने बताया कि सुबह उठा तो देखा उसके साथ वाले घर के एक कमरे का ताला टूटा हुआ था। सामान बिखरा पड़ा था। हालांकि घर से कोई सामान चोरी नहीं हुआ।
पांचवीं वारदात : करनपुर गांव के गुरचरण सिंह ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे घर में कुछ आवाजें आई जब लाइट जलाई तो दो 2 चोर भागते दिखे। घर के एक कमरे का ताला टूटा हुआ था मगर सामान सुरक्षित था।