Edited By AJIT DHANKHAR,Updated: 25 Jan, 2021 11:12 PM
यू.टी. सचिवालय में अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
चंडीगढ़, (राजिंद्र शर्मा): चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनौर ने सोमवार को प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में शहर में चल रहे विकास कार्यों व अन्य परियोजनाओं को लेकर समीक्षा की। बदनौर ने विभिन्न सैक्टरों की अपनी मंडी को भी खोलने के आदेश जारी कर दिए। इस संबंध में प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस के बाद सभी अपनी मंडी खोल दी जाएंगी। लॉकडाऊन के बाद से पहली बार अब यू.टी. सचिवालय में प्रशासक की तरफ से मीटिंग की गई है। इससे पहले पंजाब राज भवन से वार रूम मीटिंग की जाती थी।
चीफ इंजीनियर ने विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी
बैठक में चीफ इंजीनियर सी.बी. ओझा की तरफ से प्रशासक को एक प्रेजेंटेशन दी गई। इसमें उन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों में चल रहे इंजीनियरिंग विभाग की परियोजनाओं के बारे में बताया। ओझा ने यू.टी. सचिवालय की नई इमारत, सैक्टर-18 के गवर्नमैंट प्रिंटिंग प्रैस में बन रहे विंटेज कार म्यूजियम, बेअंत सिंह मैमोरियल, सारंगपुर स्थित इंटरनैशनल शूटिंग रेंज, ट्रिब्यून फ्लाईओवर समेत विभिन्न सैक्टरों में बन रहे स्कूलों के बारे में प्रशासक को बताया। बदनौर ने ओझा को आदेश दिए कि विकास कार्यों की एक रिपोर्ट एडवाइजरी काऊंसिल की बैठक में भी दी जाए। करीब डेढ़ साल बाद 10 फरवरी को एडवाइजरी काऊंसिल की बैठक होने जा रही है। प्रशासक बदनौर ने बैठक में सलाहकार मनोज परिदा से चर्चा के बाद अपनी मंडी को खोलने के आदेश जारी किए। गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने भी अपनी मंडियों को खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं।