Edited By Priyanka rana,Updated: 06 Mar, 2020 09:43 AM
चंडीगढ़ में मास्क की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए वीरवार को एक बैठक की गई।
चंडीगढ़(राजिंद्र) : चंडीगढ़ में मास्क की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए वीरवार को एक बैठक की गई। इसमें ड्रग कंट्रोलर व डायरैक्टर हैल्थ सर्विस ने बताया कि एन95, 3 और 2 प्लाई मास्क ड्रग्स एंड कॉस्मैटिक एक्ट के तहत नहीं आते हैं, लेकिन फिर भी मास्कों को महंगे दामों पर बेचा जा रहा है।
कई दुकानदार मास्क की जमाखोरी कर रहे हैं और लोगों को दिया नहीं जा रहा है। इन तमाम चीजों को रोकने के लिए प्रशासन ने 3 टीमों का गठन किया है। पहली टीम सैंट्रल डिवीजन के लिए है। हरेक टीम में एस.डी.एम., डी.एस.पी., ड्रग इंस्पैक्टर और फूड एंड सिविल सप्लाई एंड कंज्यूमर अफेयर्स शामिल होंगे।
कैमिस्ट शॉप पर होगी रेड :
एरिया एस.डी.एम. की अध्यक्षता में बनाई गई यह तीनों टीमें शहर के विभिन्न कैमिस्ट शॉप पर सरप्राइज विजिट और रेड करेंगी। अगर कोई कैमिस्ट शॉप मास्क की जमाखोरी व महंगे दामों पर बेचता हुआ पाया जाता है तो एस.डी.एम. को नियमानुसार कार्रवाई करने की छूट दी गई है।
हैल्पलाइन नंबर भी होगा :
डायरैक्टर हैल्थ सर्विस ने जानकारी दी कि वह जल्द ही एक हैल्पलाइन नंबर लॉन्च करेंगे, जिसमें आम आदमी किसी भी कैमिस्ट शॉप के खिलाफ शिकायत कर सकेंगे, जो मास्क को महंगे दाम पर बेच रहा होगा या फिर उसकी जमाखोरी कर रहा होगा।