Edited By pooja verma,Updated: 15 Jun, 2019 11:26 AM
सफाई कर्मचारी यूनियन एम.सी. चंडीगढ़ के प्रधान कृष्ण चड्ढा और मेयर राजेश कालिया के विवाद बढ़ता जा रहा है।
चंडीगढ़ (राय): सफाई कर्मचारी यूनियन एम.सी. चंडीगढ़ के प्रधान कृष्ण चड्ढा और मेयर राजेश कालिया के विवाद बढ़ता जा रहा है। गत दिवस जहां मेयर ने चड्ढा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी, वहीं शुक्रवार को चड्ढा ने मेयर के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर सांसद किरण खेर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सफाई कर्मचारी आयोग को पत्र लिखा है।
पत्र में चड्ढा ने कहा कि मेयर शहर के सफाई कर्मचारियों को तंग कर रहे हैं। मेयर ने यूनियन के चुने हुए प्रधान को अपमानित किया जिसकी वे निंदा करते हैं। पत्र में कहा गया कि शहर की सफाई व्यवस्था यदि बिगड़ी है तो उसमें मेयर का हाथ है।
सफाई कर्मियों को जो सुविधाएं चाहिए, मेयर उनको छोड़ सफाई कर्मियों को परेशान करने में लगे हुए हैं। कर्मियों की नाजायज गैर-हाजिरी लगाए जाने से लेकर उनकी बेवजह बदली कर मेयर उन्हें परेशान करने में लगे हैं। चड्ढा ने सभी से आग्रह किया कि मेयर को तुरंत हटाया जाए या उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मेयर ने पुलिस को दी थी शिकायत
उल्लेखनीय है कि वीरवार को मेयर और यूनियन के प्रधान कृष्ण कुमार चड्ढा के बीच निगम कार्यालय के भीतर खासी तू-तू, मैं-मैं हुई थी। मौके पर निगम के अधिकारी मौजूद नहीं रहते तो बात आगे भी बढ़ सकती थी।
चड्ढा के खिलाफ मेयर ने जबरन घुसने की पुलिस को शिकायत भी दे दी। चड्ढा को देर शाम को सैक्टर-17 नीलम पुलिस चौकी बुला लिया गया था। इसके बाद चड्ढा ने भी मेयर के खिलाफ बदसूलकी की क्रॉस शिकायत दे दी।