Edited By bhavita joshi,Updated: 21 Jun, 2019 12:59 PM
मेयर राजेश कुमार कालिया और सफाई यूनियन के प्रधान कृष्ण कुमार चड्ढा के बीच विवाद और उन्हें सस्पैंड किए जाने के विरोध में सफाई यूनियन ने वीरवार को धरना प्रदर्शन किया।
चंडीगढ़(राजिंद्र शर्मा): मेयर राजेश कुमार कालिया और सफाई यूनियन के प्रधान कृष्ण कुमार चड्ढा के बीच विवाद और उन्हें सस्पैंड किए जाने के विरोध में सफाई यूनियन ने वीरवार को धरना प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में सफाई यूनियन सहित अन्य ट्रेड यूनियन और गारबेज कलैक्टर्स ने भी हिस्सा लिया। निगम कार्यालय के बाहर सफाई कर्मी सुबह 11 बजे प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए, हालांकि इस प्रदर्शन में उम्मीद के मुताबिक भीड़ नहीं जुट सकी।
प्रदर्शन में निगम सहित मेयर के खिलाफ नारेबाजी की गई। जिस वक्त ये प्रदर्शन चल रहा था, उस समय मेयर अपने कार्यालय में ही बैठे हुए थे। यूनियन प्रधान की बहाली के साथ सफाई कर्मियों से जुड़ी मांगें सामने रखकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान आयोजन स्थल और निगम कार्यालय के भीतर सुरक्षा में पुलिस की भी तैनाती थी।
कर्मचारियों ने निगम आयुक्त को सौंपा पत्र
सफाई यूनियन का प्रतिनिधिमंडल निगम आयुक्त के.के. यादव से भी मिला। गारबेज कलैक्टर्स के नेता ओम प्रकाश सैनी के मुताबिक बैठक में सस्पैंशन को लेकर उठाया गया कदम एकतरफा कार्रवाई वाला बताया गया। साथ ही निगम आयुक्त को यूनियन की तरफ से पत्र भी सौंपा गया। निगम आयुक्त ने कहा कि निगम परिसर में घटी घटना और उन्होंने प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई थी। सफाई यूनियन की मांग थी कि उनका पक्ष भी सूना जाए, जिस पर यूनियन ने उन्हें पत्र सौंपा।
निगम आयुक्त ने कहा एक साथ दो चीजें नहीं हो सकती, जिसमें धरना प्रदर्शन शामिल है। अब योगा दिवस के बाद ही निगम आगे का कोई निर्णय ले सकता है, ऐसे में यूनियन ने भी तब तक अपने प्रदर्शन को थाम लिया। यूनियन को भरोसा है कि सस्पैंशन के आदेश को वापस लेकर नेता की जल्द ही बहाली होगी। वहीं, प्रदर्शन भी ऐसे समय में हुआ, जब योगा दिवस को लेकर तैयारियां चल रही थीं। योगा दिवस के मौके पर शहर की चरमराई हुई व्यवस्था निगम और शहर के लिए और भी मुश्किलें बढ़ा सक ती थीं।