Edited By Punjab Kesari,Updated: 30 May, 2018 12:25 PM
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के रिश्तेदार आकांक्ष सेन की सैक्टर-9 में बी.एम.डब्ल्यू. से कुचल कर हत्या मामले में जांच यू.टी. ने सी.बी.आई. को सौंप दी है।
चंडीगढ़ (बृजेन्द्र): हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के रिश्तेदार आकांक्ष सेन की सैक्टर-9 में बी.एम.डब्ल्यू. से कुचल कर हत्या मामले में जांच यू.टी. ने सी.बी.आई. को सौंप दी है। हाईकोर्ट में यू.टी. के काऊंसिल ने बताया कि प्रशासन ने सी.बी.आई. से जांच का आदेश दिया है।
हाईकोर्ट ने प्रशासन के फैसले के संदर्भ की शर्तें अगली सुनवाई पर बताने को कहा है। वहीं, सी.बी.आई. के वकील ने कहा कि जांच को लेकर प्रशासन के आदेश की जानकारी नहीं है। ऐसे में सी.बी.आई. एस.पी. से संपर्क करना होगा। गत वर्ष 9 फरवरी को यू.टी. पुलिस ने केस दर्ज किया था।
रमनजीत नामक महिला की यू.टी. प्रशासन और अन्यों को पार्टी बनाकर दायर केस में सुनवाई हुई। मामले में एक आरोपी की मां रमनजीत ने केस की जांच सी.बी.आई. को सौंपने की मांग की है। आरोप लगाया गया कि जांच के नाम पर प्रताडि़त किया जा रहा है। आरोपियों में बलराज सिंह और हरमेहताब शामिल हैं।