Edited By ashwani,Updated: 21 Jun, 2021 11:21 PM
निगम की तरफ से नहीं की जा रही कार्रवाई
चंडीगढ़, (राजिंद्र शर्मा) : शहर में गर्मी का सीजन शुरु होते ही जगह-जगह छबील लगनी शुरु हो गई है, लेकिन इन छबील के लिए चंडीगढ़ नगर निगम की तरफ से परमिशन नहीं दी जा रही है। जिसके चलते बिना परमिशन ही छबील लगा जा रही है। सोमवार को भी शहर के कई सेक्टरों में छबील लगी, पर कहीं पर भी निगम से इसे लेकर परमिशन नहीं ली गई। निगम का दावा है कि पिछली पांच महीने से उन्होंने छबील लगाने के लिए परमिशन नहीं दी है। बावजूद इसके कई सेक्टरों में छबील लग रही है। इस दौरान सोशल डिस्टेंस की पालना नहीं की जा रही है, फिर भी विभाग की तरफ से इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बता दें कि छबील लगाने व अन्य तरह के किसी भी कार्यक्रम के लिए नगर निगम की परमिशन अनिवार्य होती है। छबील कहां पर लगाई जाएगी व इसके लिए कितने एरिया में टैंट लगाया जाएगा, इस सब जानकारी के साथ ही निगम में एप्लीकेशन सबमिट करनी होती है, जिसके बाद ही विभाग की तरफ से परमिशन दी जाती है। अगर बिना परमिशन ऐसे कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है, तो विभाग की तरफ से इसे बंद करवाने की कार्रवाई के साथ ही सामान भी जब्त किया जा सकता है।
इस संबंध में निगम के ज्वाइंट कमिश्नर सौरभ अरोड़ा ने बताया कि उनके पास पिछले पांच महीने से शहर में छबील लगाने या ऐसे ही अन्य कार्यक्रम के संबंध में परमिशन लेने के लिए कोई आवेदन नहीं आया है। अगर शहर में बिना परमिशन कहीं पर छबील लगाई जा रही है और इस संबंध में उनके पास शिकायत आती है तो विभाग की तरफ से उचित कार्रवाई की जाएगी।