Edited By Priyanka rana,Updated: 24 Aug, 2019 11:50 AM
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय नई दिल्ली की ओर से पोषण अभियान के तहत बेहतरीन काम करने के लिए चंडीगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
चंडीगढ़(साजन) : महिला एवं बाल विकास मंत्रालय नई दिल्ली की ओर से पोषण अभियान के तहत बेहतरीन काम करने के लिए चंडीगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। चंडीगढ़ ने इस बार भी पोषण माह अभियान में सफल और बेहतरीन प्रदर्शन किया है। मंत्रालय की ओर से 23 अगस्त को नई दिल्ली के एक होटल में राष्ट्रीय स्तर का प्रोग्राम आयोजित किया गया था, जिसमें ये पुरस्कार दिए गए।
समाज कल्याण विभाग के सचिव बी.एल. शर्मा के कुशल नेतृत्व में उत्साह के साथ पोषण अभियान को लागू किया गया और इसे विभाग ने जन आंदोलन बना दिया। पोषण अभियान के तहत निर्धारित सभी विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम पूरे चंडीगढ़ में आयोजित किए गए। पिछले साल एक से 30 सितंबर तक पोषण माह मनाया गया था। इसके बाद में पोषण पखवाड़ा 8 से 23 मार्च तक मनाया गया।
पोषण माह के दौरान 10 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की गई और 25 से अधिक गतिविधियां आयोजित की गई। इसके अलावा पखवाड़े के दौरान 5 लाख से अधिक लाभार्थियों को अच्छे पोषण और स्वास्थ्य के बारे में उचित शिक्षा देने के साथ ही जागरुक किया गया।
पिछले साल मिले थे आठ पुरस्कार :
पिछले साल चंडीगढ़ को देश में सर्वश्रेष्ठ केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया गया था और दिल्ली में पोषण अभियान के तहत राष्ट्रीय पोषण माह के हिस्से के रूप में आयोजित महिला सम्मान समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आठ पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था।