Edited By bhavita joshi,Updated: 19 Feb, 2019 11:15 AM
सोमवार देर रात मौलीजागरां स्थित स्माल हाऊसिंग बोर्ड काम्पलैक्स के पास 4-5 अज्ञात हमलावर एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर फरार हो गए।
चंडीगढ़(संदीप): सोमवार देर रात मौलीजागरां स्थित स्माल हाऊसिंग बोर्ड काम्पलैक्स के पास 4-5 अज्ञात हमलावर एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर फरार हो गए। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान हालत में घायल युवक को सैक्टर-32 के अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुंदर नगर कालोनी (मौलीजागरां) निवासी लक्ष्मण (34) के रूप में हुई है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एस.एस.पी. शशांक आनंद और ईस्ट डिवीजन की डी.एस.पी. हरजीत कौर सहित कई आला अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच की। इस साल अब तक डेढ़ माह में हत्या की यह पांचवीं वारदात है। जांच में सामने आया कि मृतक पी.जी.आई. में सफाई कर्मी था।
हमलावर युवकों से पहले भी हुआ था विवाद
शाम 7.45 बजे लक्ष्मण घर से मौलीजागरां किसी काम के लिए पैदल जा रहा था। जैसे ही वह घर के पास ही स्थित जंगल एरिया के पास से गुजरने लगा तो अचानक 4-5 युवक आए और उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। उन्होंने लक्ष्मण के सिर पर चाकुओं से कई वार किए और उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग जब वहां एकत्रित होने लगे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उसके पास से मिले पर्स से हुई है।
मृतक युवक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। परिजनों का आरोप है कि हमलावर युवकों से लक्ष्मण का पहले भी विवाद हो चुका है। डी.एस.पी., पब्लिक रिलेशन ऑफिसर रश्मि यादव ने बताया कि पुलिस ने 4-5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की कवायद शुरू कर दी है।