Edited By Priyanka rana,Updated: 19 Aug, 2018 11:41 AM
रेलवे स्टेशन के ओपन एरिया में शनिवार सुबह एक व्यक्ति लहूलुहान पड़ा मिला, जिसके पास खून से सना पत्थर भी था।
चंडीगढ़(लल्लन) : रेलवे स्टेशन के ओपन एरिया में शनिवार सुबह एक व्यक्ति लहूलुहान पड़ा मिला, जिसके पास खून से सना पत्थर भी था। सूचना मिलने पर जी.आर.पी. ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को जी.एम.सी.एच.-32 पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दड़वा गांव निवासी मदानू यादव के रूप में हुई।
मदानू की पत्नी ने आरोप जड़ा कि उसके पति की हत्या उसके दोस्तों ने शराब पिलाने के बाद की है। घटनास्थल से चंद दूरी पर रेहडिय़ों पर लोग जमकर शराब पीते हैं। जी.आर.पी. ने मदानू की पत्नी इसरावती की शिकायत पर अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर 3 संदिग्धों को राऊंडअप किया है। इशरावती ने बताया कि शुक्रवार दोपहर उनके पति काम की तलाश में निकले थे।
जी.आर.पी. स्टेशन के थाना प्रभारी ने बताया कि सुबह उन्हें घटना की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर पाया गया कि व्यक्ति के सिर पर पीछे की तरफ चोट के निशान थे जो पत्थरों के लग रहे थे। घाव से खून बह रहा था। इसके बाद पुलिस ने मदानू को जी.एम.सी.एच.-32 में दाखिल करवाया, जहां कुछ समय बाद डाक्टरों ने मदानू को मृत घोषित कर दिया।
शाम होते ही रेहड़ी वाले पिलाते हैं शराब :
रेलवे की ओपन जगह पर रोज शाम जाम छलकते हैं और रोज लड़ाई-झगड़े होते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां रोजाना मछली व मीट की 15-16 रेहड़ी लगती हैं और लोग यहां शराब पीते हैं। इस बारे कई लोग पुलिस को शिकायत भी दे चुके हैं पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
सी.सी.टी.वी. खराब नहीं मिला सुराग :
जी.आर.पी. ने घटनास्थल के आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे जांचे तो उसमें कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा है। थाना प्रभारी के मुताबिक कई होटल्स के सी.सी.टी.वी. कैमरे खराब पड़े हैं। साथ ही जहां कैमरे सही हैं वहां अंधेरे का कारण कुछ भी साफ नहीं दिख रहा। थाना प्रभारी के मुताबिक घटनास्थल के आसपास का मोबाइल का डंप डाटा उठाया जाएगा।