Edited By Priyanka rana,Updated: 28 Sep, 2019 10:34 AM
जाते-जाते मानसून शहर को जमकर भिगो गया। शुक्रवार सुबह वैस्टर्न डिस्टर्बैंस फिर एक्टिव हुआ और एक घंटे तक लगातार बारिश हुई।
चंडीगढ़(संदीप/पाल) : जाते-जाते मानसून शहर को जमकर भिगो गया। शुक्रवार सुबह वैस्टर्न डिस्टर्बैंस फिर एक्टिव हुआ और एक घंटे तक लगातार बारिश हुई। गर्मी से तो राहत मिली लेकिन शहर अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश तेज होने की वजह से अधिकतर राऊंड अबाऊट्स पर जाम लग गया।
ऑफिस जाने वाले लोगों को जाम के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के सैक्टर-39 स्थित केंद्र में सुबह 37.5 एम.एम. बारिश दर्ज की गई। इस बीच शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। वहीं, हवा में नमी की मात्रा 93 फीसदी रही।
भारी बारिश से शहर की सड़कें बनी तालाब :
शुक्रवार सुबह शहर में हुई भारी बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सभी मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक जाम हो गया। मध्यमार्ग सहित शहर के सभी मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली।
जाम खोलने के लिए ट्रैफिक कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई सड़कों पर इतना पानी भर गया था कि कई कारें और टू व्हीलर्स बंद हो गए और लोग धक्का मारते नजर आए। सैक्टर-27/19 की विभाजित सड़क नदी में ही बदल गई। जाम में कई जगहों पर एम्बुलैंस भी फंसी नजर आईं।
दो दिन बरसात के आसार :
मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि अभी मानसून और वैस्टर्न डिस्टर्बैंस एक्टिव है। अगले दो दिन ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। इस बीच रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। 1 अक्तूबर को फिर से वैस्टर्न डिस्टर्बैंस एक्टिव होगा। इस वजह से 2 और 3 अक्तूबर को बारिश होने की संभावना है। इस बार मानसून सीजन अक्तूबर के पहले हफ्ते तक एक्टिव रह सकता है।
पाल ने बताया कि हाल ही में साइक्लोन के साथ मानसूनी हवाएं शहर पहुंची, जिसके कारण मौसम में यह बदलाव हुआ और अचानक बारिश हुई। इसके अलावा वैस्टर्न डिस्टर्बैंस भी इन हवाओं को सपोर्ट कर रहा है। यही वजह है कि इस बार मानसून तय समय से एक हफ्ता आगे बढ़ गया है।