Edited By Priyanka rana,Updated: 16 Jan, 2020 09:59 AM
आधा जनवरी जा चुका है, लेकिन सर्दी का असर फिलहाल कम होता नहीं दिख रहा है। शीतलहर तेज व कोहरा घना हो रहा है।
चंडीगढ़(पाल) : आधा जनवरी जा चुका है, लेकिन सर्दी का असर फिलहाल कम होता नहीं दिख रहा है। शीतलहर तेज व कोहरा घना हो रहा है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के मुताबिक एक फिर बारिश का स्पैल शुरू होने वाला है।
वीरवार को ट्राईसिटी समेत आसपास के एरिया में बारिश के आसार बने हुए हैं। दो दिन की धूप के बाद दोबारा आज (वीरवार) बारिश के चांस 80 से 90 प्रतिशत तक हैं। बुधवार सुबह 11 बजे के बाद से धूप तो निकली, लेकिन पूरा दिन धूप-छांव का खेल चलता रहा। शाम होते ही एक बार फिर कोहरे के साथ सर्द हवाएं शुरू हो गई।
मौसम केंद्र का अनुमान है कि अगले दो दिन तक शहर में बारिश के आसार बने हुए हैं। वीरवार को बादल छाए रहने के साथ ही बारिश होगी। वहीं अधिकतम तापमान 15 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सैल्सियस के पास रहेगा। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। विजिबिलिटी 750 मीटर तक दर्ज की गई।
4 साल में नहीं हुई इतनी बारिश :
कई साल बाद जहां इस बार पूरे नॉर्थ को जबरदस्त ठंड का सामना करना पड़ रहा है, वहीं कई वर्षों बाद बारिश भी देखने को मिल रही है। लोहड़ी में इस बार पूरा दिन बारिश रही थी। आंकड़ों के मुताबिक चार साल में इतनी बारिश इस सीजन में नहीं हुई है।