Edited By Punjab Kesari,Updated: 27 Jun, 2018 07:51 PM
बहन के पति पर कातिलाना हमला करने वाले सतनाम सिंह और राजबीर सिंह को मनीमाजरा थाना पुलिस ने बुधवार को जिला अदालत में पेश किया।
चंडीगढ़(संदीप) : बहन के पति पर कातिलाना हमला करने वाले सतनाम सिंह और राजबीर सिंह को मनीमाजरा थाना पुलिस ने बुधवार को जिला अदालत में पेश किया। दोनों को अदालत ने 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने अदालत में आरोपियों के रिमांड की मांग करते हुए दलील दी थी कि दोनों आरोपियों से वह तेजधार हथियार बरामद करने हैं, जिनका प्रयोग हमले में किया गया था। इसके अलावा आरोपियों से केस से जुड़े कई सवाल भी करने हैं।
गौरतलब है कि मनीमाजरा माडर्न हाऊसिंग कांप्लैक्स निवासी पुलकित चौधरी की कुछ समय पहले ही सतनाम व राजबीर की बहन से लव मैरिज हुई थी। बहन द्वारा अपनी मर्जी से शादी किए जाने को लेकर दोनों भाइयों में नाराजगी थी। इसके चलते उन्होंने पुलकित को उनकी गली में से आने-जाने के लिए सख्त मना किया था। मंगलवार रात पुलकित अपनी पत्नी के साथ कार में आइसक्रीम खाने के लिए निकला था।
इस दौरान राजबीर और सतनाम ने उन्हें देख लिया। दोनों ने पुलकित की कार को घेरकर उस पर तेजधार हथियारों से वार कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया था। इस दौरान दोनों ने उसकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मनीमाजरा थाना पुलिस ने जांच के बाद राजबीर और सतनाम के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था।