Edited By Priyanka rana,Updated: 17 Dec, 2018 10:42 AM
शहर में जल्द ही दिल्ली मैट्रो की तरह चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सी.टी.यू.) की बसों में यात्रियों के पास बनेंगे
चंडीगढ़(राजिंद्र) : शहर में जल्द ही दिल्ली मैट्रो की तरह चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सी.टी.यू.) की बसों में यात्रियों के पास बनेंगे, जिसमें रूट बदलने के चलते नई बसों में भी लोगों को दोबारा पैसे नहीं देने होंगे। चंडीगढ़ प्रशासन के ट्रांसपोर्ट डिपार्टमैंट ने इंटैलीजैंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम के अंदर इस प्रोजैक्ट को भी शामिल किया है। लोगों को ऑनलाइन ही पास के लिए अप्लाई करने की सुविधा दी जाएगी।
इस संबंध में यू.टी. डायरैक्टर ट्रांसपोर्ट अमित तलवार ने बताया कि उन्होंने इंटैलीजैंट पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को लेकर जो नाया टैंडर जारी किया है, उसमें इस प्रोजैक्ट को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पास के अंदर किलोमीटर निर्धारित कर दिए जाएंगे। सी.टी.यू. बसें एक निर्धारित रूट पर ही चलती है, लेकिन कई बार यात्रियों ने अलग रूट पर जाना होता है।
जिसके चलते एक किलोमीटर बाद ही उसे दोबारा बस चेंज करने पर टिकट के लिए दोबारा पैसे देने पड़ते हैं लेकिन इस पास के अंदर ऐसा नहीं होगा, क्योंकि ये दूसरे रूट पर बस बदलने पर भी वेलिड होगा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए डिपार्टमैंट द्वारा किलोमीटर निर्धारित किए जाएंगे।
ऑनलाइन अप्लाई कर सकेंगे :
इस पास के लिए लोग ऑनलाइन भी अप्लाई कर सकेंगे। साथ ही संपर्क सैंटर और ऑन द स्पॉट भी इसे जारी करने की सुविधा दी जाएगी। फिलहाल विभाग द्वारा इसके लिए पॉलिसी बनाई जाएगी। इंटैलीजैंट पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के अंदर ही इसे शामिल किया गया है।
इस प्रोजैक्ट की कुल लागत 25 करोड़ रुपए हैं, जिसमें से 13 करोड़ रुपए की फंडिंग वर्ल्ड बैंक ने करनी है। लेकिन कंपनी फाइनल करने के लिए प्रशासन ने दोबारा टैंडर जारी किया है, क्योंकि इससे पहले विवाद के चलते प्रशासन को टैंडर रद्द करना पड़ा था।
वर्ल्ड बैंक और चंडीगढ़ प्रशासन में हुआ था करार :
वर्ष 2014 में चंडीगढ़ उन चार शहरों में चुना गया था, जिनका ट्रांसपोर्ट सिस्टम को मजबूत किया जाना था। इनमें जयपुर, भोपाल के अलावा मुम्बई के पास मीरा-भायंदर को भी चुना गया था। जून वर्ष 2016 में वर्ल्ड बैंक और चंडीगढ़ प्रशासन के बीच एम.ओ.यू. भी साइन किया गया था। जुलाई 2017 में प्रशासन ने कंसल्टैंट हायर किया था, जिसने प्रोजैक्ट की डिटेल प्रोजैक्ट रिपोर्ट बनाई थी।