Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 May, 2018 08:09 AM
डिजीटल इंडिया की दौड़ में चंडीगढ़ प्रशासन ने पिछले कुछ साल में एक के बाद एक मोबाइल एप्लिकेशन तैयार करवाई और उन्हें जल्दबाजी में लॉन्च भी कर दिया।
चंडीगढ़ (विजय): डिजीटल इंडिया की दौड़ में चंडीगढ़ प्रशासन ने पिछले कुछ साल में एक के बाद एक मोबाइल एप्लिकेशन तैयार करवाई और उन्हें जल्दबाजी में लॉन्च भी कर दिया। दावा किया गया कि अब सरकारी ऑफिस के धक्के नहीं खाने पड़ेंगे और सभी सुविधाएं घर बैठे ही मिल जाएंगी लेकिन ऑफिसर्स डिपार्टमैंट ऑफ इंफॉर्मेशन टैक्नोलॉजी और स्पिक द्वारा डिवैल्प की गई इन एप्लिकेशंस पर फीडबैक लेना भूल गए।
आलम यह है कि जिन एप्लिकेशंस से घर बैठे ही कई अहम सुविधाएं देने का दावा चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम द्वारा किया गया था, उन्हें या तो अब लोग इस्तेमाल ही नहीं करते है या फिर वे चल ही नहीं रही हैं। यही नहीं, कई मोबाइल एप्लिकेशन से या तो गलत जानकारियां दी जा रही हैं या एरर बताया जा रहा है।
इससे लोगों को फायदा होना तो दूर की बात, नुक्सान उठाना पड़ रहा है। ऐसी ही 10 मोबाइल एप्लिकेशन को जब डाऊनलोड कर उनकी हकीकत जानने की कोशिश की गई तो प्रशासन और निगम के सारे दावे हवा-हवाई साबित हुए। हालांकि कुछ एप्लिकेशंस ऐसी भी हैं जिनसे रेजीडैंट्स संतुष्ट हैं मगर ऐसी एप्लिकेशंस की कतार लंबी है, जिनके भरोसे रहे तो समय के साथ-साथ पैसे की बर्बादी हो सकती है।
किस ऐप्प का क्या हाल
ई-संपर्क चंडीगढ़
-बिल पैमेंट में काफी समय लग जाता है।
-कई बार अकाऊंट नंबर डालो तो नो एगजिस्ट बताता है।
-ई-ट्रांजैक्शन के चार्ज लिए जाने से यह ऐप्प लोगों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा रही है।
-रिफंड जल्द ही नहीं मिलता। इस कारण लोगों को लेट फीस तक देनी पड़ रही है।
-रसीद डाऊनलोड करने का ऑप्शन तो है लेकिन यह सुविधा मिल नहीं रही है।
सी.टी.यू. बस गाइड
-टाइम टेबल के अनुसार बसें नहीं चल रही हैं।
-काफी समय से ऐप्प को अपडेट नहीं किया गया।
-बस आने का जो समय ऐप्प में दिया गया है हकीकत में लगभग 20 से 30 मिनट का अंतर आ रहा है।
-लॉन्ग रूट की बसों का ऑप्शन नहीं दिया गया।
-ऐप्प में जी.पी.एस. लोकेशन सिस्टम की सुविधा नहीं है।
सी.टी.यू. बस ट्रैकर
-निरंतर अंतराल में अपडेट न होने की वजह से पैसेंजर्स को गलत जानकारी मिल रही है।
-कई बार रूट नंबर में गलत बसों का नंबर दिख रहा है जबकि उस रूट पर कोई और नंबर की बस मिल रही है।
-लॉन्ग रूट की बसों की छोटी से छोटी जानकारियां भी पूरी नहीं मिल रही हैं।
-बसों की रियल टाइम रिपोर्ट नहीं मिल पा रही है।
नियोजन चंडीगढ़
-यह ऐप्प तो खुलता ही नहीं।
-रजिस्ट्रेशन करने के लिए ओ.टी.पी. की डिमांड की जाती है।
-लेकिन न तो मैसेज आता है और न रजिस्ट्रेशन हो पाता है।
-प्रशासन ने लैंड एक्वीजिशन से जुड़ी कई जानकारियां देने का दावा किया था।
स्मार्ट चंडीगढ़
-2015 में लॉन्च की गई थी।
-लेकिन अब यह एप्लिकेशन गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध नहीं है।
-इस एप्लिकेशन के जरिए पब्लिक सर्विसिज और कंज्यूमर राइट्स सहित अन्य सुविधाएं देने का दावा किया गया था।
-लेकिन नई एप्लिकेशन बनने के बाद इस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
ई-कैंपस
-इस एप्लिकेशन में यूजरनेम और पासवर्ड ही नहीं आता।
-रजिस्ट्रेशन के समय रोल नंबर भी कईं बार गलत बताता है।
-पुराने सेमैस्टर के माक्र्स इस ऐप्प में नहीं दिखाए जाते।
-बार-बार लॉगइन करने की जरूरत पड़ती है, जिससे टाइम वेस्ट होता है।
टिक टिक-ट्रैवल इन चंडीगढ़
-जो समय बताया जा रहा है उसके अनुसार बसें समय पर नहीं पहुंचती।
-बसों को लाइव देखने का ऑप्शन बंद हो चुका है।
-जो रूट दिए गए हैं वे भी अपडेट नहीं किए जा रहे हैं।
-ऑनलाइन बस ट्रैकिंग सिस्टम भी कई बार काम नहीं करता।
-कई बसों के तो रूट भी इस एप्लिकेशन में मौजूद नहीं हैं।
माय चंडीगढ़
-ब्लड बैंक का ऑप्शन तो दिया गया है लेकिन इसमें कोई डाटा अभी तक मौजूद नहीं है।
-हॉस्पिटल डायरैक्ट्री आज तक इसमें उपलब्ध नहीं है।
-पोस्ट ऑफिस और कालेज की कोई जानकारी यहां उपलब्ध नहीं है।
-कोई लिंक नहीं खुलता, कोई फाइल डाऊनलोड नहीं होती।
मोबाइल आर.एल.ए.
-लर्निंग लाइसैंस के टैस्ट का रिजल्ट देखने का ऑप्शन तो है लेकिन यह सुविधा अभी तक शुरू नहीं हुई।
-व्हीकल्स की नंबर्स के लिए भी विंडो बनाई गई है लेकिन वहां भी एरर आ रहा है।
-कई बार एप्लिकेशन में एरर आ जाता है, जिसे अभी तक फिक्स नहीं किया गया।
आर्या स्मार्ट पार्किंग
-लोकेशन सर्च करने का ऑप्शन तो दिया गया लेकिन सर्चिंग के समय गलत जानकारी मिल रही है।
-पैमेंट गेटवे भी कई बार काम नहीं करता।
-कईं फीचर्स ऐसे हैं जिन्हें बिना टैस्ट के ही लान्च कर दिया गया।
-सर्वर का प्रॉब्लम बना रहता है।
-पार्किंग स्पेस की सही जानकारी नहीं मिलती।