Edited By Punjab Kesari,Updated: 02 Jun, 2018 09:30 AM
शुक्रवार शाम 4.45 बजे आई आंधी-बारिश से शहर में पारा 2 डिग्री तक लुढ़क कर 37.8 डिग्री पर आ गया।
चंडीगढ़(राजिंद्र/राय/संदीप) : शुक्रवार शाम 4.45 बजे आई आंधी-बारिश से शहर में पारा 2 डिग्री तक लुढ़क कर 37.8 डिग्री पर आ गया। लोग दिन में ही वाहनों की हैडलाइट जलाने पर विवश हो गए। आंधी में पेड़ गिरने से एक शख्स की मौत भी हो गई।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहने की संभवाना जताई थी। शाम को तापमान 39 डिग्री पहुंच भी गया था लेकिन अचानक आए तूफान और बारिश के कारण पारा लुढ़क गया और तापमान 37.8 डिग्री पर आ गया।
हालांकि सुबह न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया था। वहीं, आंधी और तेज बारिश के कारण कई जगहों पर बिजली के खंभे गिर गए और तारें टूट गईं। इसके चलते शहर के कुछ हिस्सों में देर शाम 7 बजे तक बिजली सप्लाई ठप्प रही। इस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग के अनुसार सैक्टर-20, 21, 22, 27, 28, 30, 32 और 34 के कई हिस्सों में बिजली डेढ़ से दो घंटे तक बंद रही। मनीमाजरा, मौलीजागरां, धनास, खुड्डा अलीशेर, कैंबवाला, किशनगढ़, रामदरबार और इंडस्ट्रीयल एरिया में भी शाम 5 बजे से 7 बजे तक बिजली की सप्लाई बाधित होने के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर के साऊथ सैक्टरों में ट्रांसफार्मर आदि खराब होने के चलते कई घंटों तक बिजली ठप्प रही। प्रशासन शहर में बिजली सप्लाई को लेकर तो बड़े-बड़े दावे करता रहता है लेकिन आधे घंटे की बारिश और तेज हवाओं ने प्रशासन की पोल खोलकर रख दी। बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर उनके पास 250 शिकायतें आईं, जिसमें अधिकतम ट्रांसफार्मर खराब हो जाने, बिजली कट लगने, शार्ट सर्किट और ग्रिड में तकनीकी खराबी आने के संबंध में थी।
तूफान में गिरा पेड़, दबने से व्यक्ति की मौत :
तूफान के चलते सैक्टर-10/11 की विभाजित सड़क किनारे लगा बरगद का विशाल पेड़ और बिजली का पोल सड़क पर गिर गया। इस दौरान यहां पैदल जा रहा एक व्यक्ति पेड़ के नीचे दब गया। पुलिस ने घायल को पी.जी.आई. पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को शवघर में रखवा कर उसकी पहचान की कवायद शुरू कर दी है।