Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 May, 2018 08:14 AM
फेज-3बी1 में स्थित मंदिर में आरती करते समय दीए से एक महिला के कपड़ों में आग लग गई।
मोहाली(कुलदीप) : फेज-3बी1 में स्थित मंदिर में आरती करते समय दीये से एक महिला के कपड़ों में आग लग गई। महिला बुरी तरह से झुलस गई। उसे फेज-4 स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे चंडीगढ़ सैक्टर-16 स्थित जनरल अस्पताल रैफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने बताया कि फेज-3बी1 स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में भगवान शनिदेव की मूर्ति भी स्थापित है। शनिदेव की मूर्ति के पास शाम को सवा 7 बजे आरती की जा रही थी। अचानक गायत्री देवी नामक महिला के दुपट्टे को आग लग गई। उसका सूट सिंथैटिक होने के चलते सूट ने भी आग पकड़ ली। वह बुरी तरह घायल हो गई। गायत्री देवी फेज-3बी1 के मकान नंबर 527 की रहने वाली है।
उन्होंने बताया कि उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए डायल 108 एम्बुलैंस को कई बार फोन किए लेकिन एम्बुलैंस मौके पर नहीं पहुंची। फिर पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन किया गया और पी.सी.आर. की गाड़ी से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।