Edited By pooja verma,Updated: 02 Nov, 2018 08:34 PM
गांव झंझेड़ी में बीती रात एक मकान की छत गिरने से उसके नीचे दबकर दंपति की मौत हो गई।
खरड़ (रणबीर/शशि) : गांव झंझेड़ी में बीती रात एक मकान की छत गिरने से उसके नीचे दबकर दंपति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों सो रहे थे। घटना का पता लोगों को सुबह चला। इसके बाद आस-पड़ोस के लोगों ने मलबे के नीचे दबे पति-पत्नी को बाहर निकाला। हादसे की जानकारी मिलते ही मजात पुलिस के मुलाजिम घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लेकर कार्रवाई शुरू की।
जांच अधिकारी चौकी इंचार्ज निधान सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान रणजीत सिंह (48) व उसकी पत्नी मनजीत कौर (45) के तौर पर हुई है। दोनों के अलावा परिवार में उनके 3 लड़के व 2 लड़कियां हैं। उनका एक लड़का अपनी बहन के पास गया था, जबकि दूसरा काम पर गया था और तीसरा हादसे के समय घर के दूसरे कमरे में सोया था। रणजीत सिंह मेहनत मजदूरी कर अपनी व परिवार की गुजर बसर कर रहा था।
रात 10 बजे सोए थे
वह रोजमर्रा की तरह वीरवार रात को करीब 10 बजे सोए थे। अलसुबह करीब अढ़ाई बजे मकान के एक हिस्से की छत गिर गई, जोकि काफी पुरानी थी। हादसे में रणजीत सिंह समेत उसकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर उन्हें सिविल अस्पताल खरड़ पहुंचाया। इसके बाद सी.आर.पी.सी. की धारा 174 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए दोनों की लाशों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।
पहले बारिश में गिर चुकी दूसरे कमरे की छत
मृतक के लड़के गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उसके पिता मजदूरी करते थे, वह खुद सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता है। रात को भी वह अपने काम पर गया हुआ था। उसने बताया कि कुछ महीने पहले हुई बारिश के दौरान उनके घर के एक दूसरे कमरे की छत भी इसी तरह गिर चुकी थी।
आवेदन मंजूर हो चुका है, मगर राशि न मिलने के कारण नहीं हो पाई थी मुरम्मत
मृतक के लड़के गुरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कच्चे मकान को पक्का करने के लिए दिया गया उनका आवेदन भी मंजूर हो चुका था लेकिन इस योजना के अंतर्गत बनती राशि उन्हें न मिलने के कारण वह अभी तक अपने मकान की मुरम्मत नहीं करवा सके थे।