Edited By Priyanka rana,Updated: 19 Mar, 2020 09:55 AM
शहर में अब तक 21 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट नैगेटिव आई है वहीं 3 मरीजों की रिपोर्ट आने का इंतजार है।
चंडीगढ़(साजन) : शहर में अब तक 21 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट नैगेटिव आई है वहीं 3 मरीजों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। बुधवार को शहर में जी.एम.एस.एच.-16 में 2 महिलाओं को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है, जिसमें एक युवती चंडीगढ़ की रहने वाली है और शारजहां से दौरे से लौटी है।
दूसरी बुजुर्ग महिला है वह भी चंडीगढ़ की रहने वाली है लेकिन उसकी कोई विदेशी दौरे की कोई हिस्ट्री नहीं है। उक्त महिला को कफ की शिकायत के चलते भर्ती किया गया है। इन दोनों मरीजों के सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आने का इंतजार है। वहीं जी.एम.सी.एच.-32 के आइसोलेशन वार्ड में एक युवती भर्ती हुई है जो इंग्लैंड के दौरे से चंडीगढ़ वापस आई थी।
कोई भी मरीज पॉजीटिव नहीं :
पी.जी.आई. की लैब में अब तक 37 संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की जांच हुई है। इसमें चंडीगढ़ का कोई भी मरीज पॉजीटिव नहीं पाया गया है। शहर में अब तक 272 मरीजों को सर्विलांस पर रखा गया है।
जी.एम.सी.एच.-32 में प्रिंसीपल निदेशक प्रो. बी.एस. चवन ने सभी विभागों के प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने विभागों के एरिया को तत्काल सफाई कर्मचारियों से सैनेटाइज करवाएं। उक्त कदम पैशेंट केयर को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जागरूक कर रहा विभाग :
शहर में होटलों व रेस्तरां में भी आने वाले पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ उन्हें कोरोना वायरस के लक्षण व बचाव के बारे में जागरूक करने का कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दिया। होटल के हर प्रवेश मार्ग पर सैनेटाइजर का प्रयोग अनिवार्य कर दिया गया है।