Edited By Priyanka rana,Updated: 11 Dec, 2018 02:21 PM
नगर निगम की टाऊन वैंडिंग कमेटी की ओर से वैंडर्स के लिए मांगे गए सुझाव और आपत्तियों की समय सीमा10 दिसम्बर को समाप्त हो गई।
चंडीगढ़(राय) : नगर निगम की टाऊन वैंडिंग कमेटी की ओर से वैंडर्स के लिए मांगे गए सुझाव और आपत्तियों की समय सीमा 10 दिसम्बर को समाप्त हो गई। कमेटी के मैंबर वी.एन. शर्मा ने बताया कि अंतिम दिन सोमवार तक 49 लोगों ने आपत्तियां दर्ज करवाई हैं। लोगों ने सुझाव भी दिए हैं।
इन आपत्तियों और सुझाव पर विचार करने के लिए कमेटी का गठन किया गया है। 20 दिसम्बर तक कमेटी बैठक कर आपत्तियों पर विचार कर ड्राफ्ट बायलॉज में संशोधन करेगी। रोजी रोटी का ध्यान रखते हुए कमेटी विचार करेगी। सभी आपत्तियों और सुझावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। पीपल सिविल लिबर्टीज पंजाब और हरियाणा के सचिव राजेंद्र मोहन कश्यप, सैक्टर-17 की चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन, सैक्टर-19 के सदर बाजार के दुकानदारों, सैक्टर-22 शास्त्री मार्कीट वैल्फेयर एसोसिएशन, सैक्टर-15 आर.डब्ल्यू.ए., चंडीगढ़ बिजनैस काऊंसिल ने अपनी आपत्तियां दर्ज करवाई हैं।
शहर के अलग-अलग बूथ मार्कीट और शोरूम के मालिकों ने भी आपत्तियां दर्ज करवाई हैं। बूथ मार्कीट और शोरूम के मालिकों ने आपत्ति दर्ज करवाते हुए कहा है कि उनके शोरूम और बूथ के सामने वैंडर को न बैठाया जाए। इसके कारण उनके बिजनैस पर बुरा प्रभाव पड़ता है। चंडीगढ़ व्यापार मंडल की ओर से भी टाऊन वैंडिंग कमेटी को अपनी आपत्ति दर्ज करवाई गई है।
सैक्टर-17 नो वैंडिंग जोन है, लेकिन प्लाजा में तो वैंडर्स का कब्जा :
चंडीगढ़ बिजनैस काऊंसिल के प्रधान नीरज बजाज ने टाऊन वैंडिंग कमेटी के सामने आपत्ति दर्ज करवाते हुए कहा है कि सैक्टर-17 नो वैंङ्क्षडग जोन है, लेकिन प्लाजा में तो वैंडर्स ने कब्जा कर रखा है। पहले सैक्टर-17 प्लाजा में शाम को सैर करने के साथ शॉपिंग का कल्चर था। यह अब खत्म हो गया है, लोग आना पसंद नहीं करते।
सड़कों के किनारे पकौड़े और मोमोज तले जा रहे हैं। यह काम बिना फूड लाइसैंस चल रहा है। नीरज बजाज ने सुझाव दिया कि वैंडर्स को कहीं ओर मार्कीट बनाकर बैठाना चाहिए, इसमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सैक्टर-17 के प्लाजा का जो कांसैप्ट था, उसे बरकरार रखा गया। इसकी सुंदरता को बरकरार रखा जाना चाहिए।
वैंडरों को जल्द शिफ्ट किया जाए :
सैक्टर-17 के चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन ने सोमवार को आपत्ति दर्ज करवाई है। प्रधान कमलजीत सिंह पंछी ने बताया कि उन्होंने आपत्तियां दर्ज करा दी है। उन्होंने कहा कि वैंडरों को जल्द से जल्द सही जगह पर शिफ्ट किया जाए, ताकि शहर के दुकानदार चैन से काम कर सकें।