Edited By Priyanka rana,Updated: 11 Feb, 2019 12:08 PM
शहर में रविवार को उस समय हाहाकार मच गई जब लोगों को पूरा दिन ही पानी की सप्लाई नहीं मिल सकी।
मोहाली(कुलदीप) : शहर में रविवार को उस समय हाहाकार मच गई जब लोगों को पूरा दिन ही पानी की सप्लाई नहीं मिल सकी। परेशान लोगों को अपने स्तर पर पानी के टैंकरों का प्रबंध कर काम चलाना पड़ा।
जल सप्लाई एंड सैनीटेशन मंडल-2 मोहाली के अधिकारियों का कहना है कि वाटर सप्लाई स्कीम फेज-1, 2, 3, 4 की चंडीगढ़ (कजौली) की मेन पाईप लाईन की रिपेयर करने संबंधी चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा विभाग के संबंधित अधिकारियों को बताए बगैर ही बंद कर दी गई थी। इसी कारण रविवार को सप्लाई प्रभावित रही।
चंडीगढ़ को सप्लाई देने के लिए अलग से कनैक्शन देना चाहिए :
नगर निगम मोहाली के काऊंसलर कुलजीत सिंह बेदी का कहना है कि पब्लिक हैल्थ विभाग के अधिकारियों की कथित लापरवाही कारण आज लोगों को पानी संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा कजौली वाटर वर्कस से चंडीगढ़ को पानी की सप्लाई दी जा रही है, उसे लेकर जो प्रोसीजर अपनाया जा रहा है, वह बिल्कुल गलत है। चंडीगढ़ को सप्लाई देने के लिए अलग से कनैक्शन देना चाहिए।
जल सप्लाई एंड सैनीटेशन मंडल 2 के एक्सियन अनिल कुमार का कहना है कि 11 फरवरी को भी शहर में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। पानी की उपलब्धता मुताबिक सप्लाई की जायेगी। लेकिन लोगों में अब इस बात की दहशत है कि 11 फरवरी को भी पानी शहर में नहीं पहुंचेगा।