Edited By Punjab Kesari,Updated: 07 May, 2018 11:33 AM
चंडीगढ़ में अगले दो दिन में तेज बारिश व तूफान आने की आशंका जताई जा रही है।
चंडीगढ़(रश्मि) : चंडीगढ़ में अगले दो दिन में तेज बारिश व तूफान आने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के डायरैक्टर सुरिंद्र पाल के अनुसार चंडीगढ़ में अगले 48 घंटों के भीतर तूफान के साथ तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।
शहर के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। रविवार को भी तड़के बूंदाबांदी शुरू हो गई थी, जो दोपहर तक रुक-रुक कर होती रही। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री सैल्सियस कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सैल्सियस रहा। शहर में बारिश 1.5 एम.एम. दर्ज की गई।
पंचकूला में तूफान की आशंका को देखते हुए दो दिन तक सभी स्कूल-कालेज बंद करने का आदेश जारी किया गया है। चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से भी सोमवार को दोपहर 12 बजे के बाद से स्कूल-कालेज बंद करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट रहने को कहा गया है। पंचकूला के डी.सी. मुकुल कुमार ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।