पैसे खर्च करना पति को पड़ा भारी, पत्नी ने छाती में घोंपा चाकू
Edited By pooja verma,Updated: 18 Apr, 2019 08:14 PM
पलसौरा में रुपए खर्च करने पर पत्नी ने वीरवार सुबह पति के छाती में चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया।
चंडीगढ़ (सुशील): पलसौरा में रुपए खर्च करने पर पत्नी ने वीरवार सुबह पति के छाती में चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को जी.एम.एस.एच.-16 में दाखिल करवाया। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे पी.जी.आई. में दाखिल करवाया।
घायल की पहचान पलसौरा निवासी 42 वर्षीय जगरूप के रूप में हुई। सैक्टर 39 थाना पुलिस ने घायल की पत्नी शशि के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सैक्टर-39 थाना पुलिस ने बताया कि पलसौरा निवासी जगरूप सिंह अपनी पत्नी शशि के साथ घर के पास ढाबा चलाता है। तीन दिन पहले शशि ने 17 हजार रुपए अलमारी में रखे थे।
वीरवार को पत्नी अलमारी खोलकर रुपए लेने लगी तो रुपए गायब थे। शशि ने रुपयों के बारे में पति से पूछा तो उसने कहा कि घर का किराया व अन्य चीजों में खर्च कर दिए हैं। इसी को लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई। महिला ने रसोई से चाकू उठाया और पति की छाती में घोंपकर लहूलुहान कर दिया।