Edited By Jyoti,Updated: 23 Jun, 2021 02:23 PM
एक गांव में एक किसान रहता था। उसका गांव के बाहर एक छोटा-सा खेत था। एक बार फसल बोने के कुछ दिनों बाद उसके खेत में चिड़िया ने घोंसला बना लिया। कुछ समय बीता, तो चिड़िया ने वहां 2 अंडे
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
एक गांव में एक किसान रहता था। उसका गांव के बाहर एक छोटा-सा खेत था। एक बार फसल बोने के कुछ दिनों बाद उसके खेत में चिड़िया ने घोंसला बना लिया। कुछ समय बीता, तो चिड़िया ने वहां 2 अंडे भी दे दिए, उन अंडों में से छोटे-छोटे बच्चे निकल आए, वे बड़े मजे से उस खेत में अपना जीवन गुजारने लगे।
जब खेत में फसल अच्छी तरह से पक गई तब किसान उस खेत पर गया और बोला, ‘‘कल पड़ोसियों को बुलाकर फसल काटने के लिए कहूंगा।’’
चिड़िया के बच्चों ने सुना तो वे डर गए। चिड़िया बोली, ‘‘घबराओ मत हम पूरी तरह से सुरक्षित हैं, किसान कल फसल काटने नहीं आएगा।’’
अगले दिन किसान पड़ोसियों के न पहुंचने पर यह कहते हुए चला गया कि अगले दिन मैं अपने रिश्तेदारों को लेकर आऊंगा फसल काटने। चिड़िया के बच्चे फिर डर गए। चिड़िया बोली, ‘‘डरो मत कल भी किसान फसल काटने नहीं आएगा।’’ अगले दिन किसान पहुंचा तो उसने देखा कि कोई भी रिश्तेदार वहां नहीं पहुंचा था। तब किसान ने कहा, ‘‘हमें अब पड़ोसियों और रिश्तेदारों के भरोसे नहीं रहना चाहिए। कल मैं स्वयं आकर फसल काटूंगा।’’ यह कह कर वह चला गया।
चिड़िया के बच्चे आपस में बात करने लगे कि हम सुरक्षित हैं किसान तो रोज यही कहता है। तब चिड़िया अपने बच्चों से बोली, ‘‘हम अब बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं। इस बार किसान ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली है, इसलिए वह अवश्य आएगा। अत: हमें जल्द ही दूसरी जगह तलाशनी होगी।’’