Edited By Riya bawa,Updated: 20 Sep, 2019 11:15 AM
जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) में बाहरी व्यक्तियों ...
नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) में बाहरी व्यक्तियों के लिए अब इंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित होने जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश के लिए पहचानपत्र दिखाने की अनिवार्यता को लागू कर दिया गया है। यदि कोई बाहरी शख्स किसी से मिलने के लिए वहां पहुंचता है तो उसे अपना पहचानपत्र के अलावा रजिस्टर में यह दर्ज कराना होगा कि वह किससे मिलने आया है, और क्या संबंधित व्यक्ति उससे मिलने की इच्छा रखता है अथवा नहीं?
मुख्य सुरक्षा अधिकारी के द्वारा जारी किए गए नए आदेश के अनुसार विवि. परिसर गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को विवि. परिसर में नहीं घुसने देने को कहा गया है। साथ ही विवि. में जाने वाली हर गाड़ी को सुरक्षाकर्मी को पूछने पर जानकारी देनी होगी। जब तक बाहरी व्यक्ति की पहचान पुख्ता नहीं हो जाती, तब तक संबंधित व्यक्ति को रोका जा सकता है। छात्रों और फैकल्टी सदस्यों को अपना पहचान पत्र साथ रखने को कहा गया है। परिसर में रहने वाले सभी लोगों को नियम को मानने के लिए कहा गया है।
आजादी छीनने का प्रयास: बालाजी
जेएनयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एन साई बालाजी ने प्रशासन के इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि यह प्रशासन द्वारा छात्रों को सर्विलांस करने का एक तरीका है। अगर वास्तव में ये सिर्फ सुरक्षा के लिहाज से है तो जेएनयू वीसी, चीफ सेक्रेटरी, रेक्टर-1, 2, 3, प्रॉक्टर्स व रजिस्ट्रार के लिए भी इस नियम को लागू कराया जाए। जब भी वह परिसर में घुसें तो आईकार्ड उनके गले में होना चाहिए। यह विवि. प्रशासन का डर है वह छात्र-छात्राओं को प्रजा बनने पर मजबूर कर रहे हैं। यह हमारी आजादी छीनने का प्रयास है।