Edited By Riya bawa,Updated: 09 Sep, 2019 01:08 PM
दिल्ली आईआईटी में पढ़ाई कर रहे मेधावी विजय...
नई दिल्ली: दिल्ली आईआईटी में पढ़ाई कर रहे मेधावी विजय के परिवार को अब कर्ज का बोझ नहीं उठाना होगा। उसकी पढ़ाई का खर्च टॉपर रहे वरुण उठाएंगे। मादीपुर के गरीब परिवार के विजय ने अपने दम पर पढ़ाई की और दिल्ली सरकार की मदद से चार महीने की कोचिंग भी मिली। लगन और मेहनत रंग लाई और गुदड़ी के लाल ने कमाल कर दिखाया। विजय का दाखिला दिल्ली आईआईटी में हो गया।
पढ़ाई के दौरान दस हजार रुपए की मदद दिल्ली सरकार ने की थी, लेकिन आईआईटी की फीस के लिए विजय के पिता कैलाश जो सिलाई का काम करते हैं उनको बैंक से लोन लेना पड़ा। हॉस्टल में रहकर विजय ने पढ़ाई तो शुरू कर दी थी, लेकिन कर्ज की बात उसे काफी परेशान कर रही थी। नवोदय टाइम्स ने बीते 31 अगस्त को यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। अब जब फीस भरने की जिम्मेदारी वरुण ने ले ली है तो विजय काफी खुश हैं।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को वरुण गांधी, विजय कुमार और उनके परिवार के साथ प्रेस वार्ता कर यह जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रेस वार्ता इसलिए कर रहे हैं क्योंकि विजय ने कहा था रविवार को ही वह क्लासेस से समय निकाल सकता है। केजरीवाल ने बताया कि विजय पढऩे में बहुत होशियार हैं। उनके दसवीं में भी बहुत अच्छे नंबर आए थे। इसके बाद उन्होंने आईआईटी में जाने का मन बनाया।
साधन सम्पन्न परिवारों के बच्चे बड़े-बड़े कोचिंग इंस्टीट्यूट्स से कोचिंग लेकर आगे निकल जाते हैं। दिल्ली सरकार जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना के तहत गरीब बच्चों को कोचिंग दिलवाई जाती है। विजय ने इसी योजना के तहत कोचिंग ली और उनका आईआईटीए दिल्ली में कैमिकल इंजीनियरिंग में एडमिशन हो गया।