Edited By Manisha,Updated: 26 Jun, 2026 05:20 PM
रियलिटी एंटरटेनमेंट को एक नया आयाम देने वाला बनिजय एशिया का बहुप्रतीक्षित शो द एलायंस अब प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो चुका है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। रियलिटी एंटरटेनमेंट को एक नया आयाम देने वाला बनिजय एशिया का बहुप्रतीक्षित शो द एलायंस अब प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो चुका है। पारंपरिक रियलिटी शोज़ से अलग, यह शो केवल टास्क जीतने का नहीं, बल्कि भरोसा बनाने, रणनीति तैयार करने और सही समय पर सही गठबंधन बनाने का खेल है। यहां हर एपिसोड में बदलते समीकरण और अप्रत्याशित ट्विस्ट्स दर्शकों को लगातार बांधे रखते हैं।
द एलायंस की सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा सोशल-स्टैटेजी फॉर्मेट है, जहां अलग-अलग क्षेत्रों से आए 16 चर्चित चेहरे एक ऐसे मुकाबले का हिस्सा बनते हैं, जिसमें रिश्ते जितने मजबूत दिखते हैं, उतनी ही जल्दी बदल भी सकते हैं। फिल्मों, टेलीविजन, डिजिटल कंटेंट, गेमिंग, डांस और सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़े ये प्रतिभागी सिर्फ शारीरिक या मानसिक चुनौतियों का सामना नहीं करते, बल्कि हर कदम पर भरोसे और वफादारी की भी परीक्षा देते हैं। शो का फोकस अनावश्यक विवादों से अधिक रणनीतिक सोच और समझदारी से लिए गए फैसलों पर है, जो इसे अन्य रियलिटी शोज़ से अलग पहचान देता है।
शो को होस्ट कर रहे कुणाल खेमू अपने सहज, चुटीले और आत्मविश्वास से भरे अंदाज़ के साथ पूरे खेल को दिलचस्प बनाए रखते हैं। उनकी मौजूदगी प्रतियोगियों को लगातार सतर्क रहने पर मजबूर करती है, क्योंकि यहां हर मोड़ पर खेल का समीकरण बदल सकता है। उनका संतुलित और मनोरंजक होस्टिंग स्टाइल शो की ऊर्जा को और मजबूत बनाता है।
शो का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा है द सिस्टम, जो पूरे गेम का सर्वज्ञ और निर्णायक तत्व है। मुख्यालय में मौजूद विशाल स्क्रीन के माध्यम से यह सभी एलायज़ से संवाद करता है, खिलाड़ियों के हर कदम पर नज़र रखता है, स्कोर अपडेट करता है और समय-समय पर ऐसे ट्विस्ट्स लेकर आता है, जो पूरे गेम का संतुलन बदल सकते हैं। यही वजह है कि इस खेल में कोई भी खिलाड़ी लंबे समय तक सुरक्षित महसूस नहीं कर सकता।
शो में चार एलायंस बनाए गए हैं किंग्स, वॉरियर्स, हंटर्स और लेजेंड्स।
किंग्स टीम में रवि किशन, पायल धारे, वंशज सिंह और अरमान खेरा शामिल हैं।
वॉरियर्स टीम का हिस्सा हैं कुशाल टंडन, निखिल चिनापा, डेज़ी शाह और रुही दोसानी।
हंटर्स में रीवा किशन, डेलबार आर्या, सब्बी सूरी और डॉली जावेद नज़र आएंगे।
वहीं लेजेंड्स टीम में मिनी माथुर, अरसलान गोनी, ज़ैद दरबार और नीति टेलर शामिल हैं।
हालांकि प्रतियोगी टीमों में खेल की शुरुआत करते हैं, लेकिन अंत में जीत सिर्फ एक खिलाड़ी की होगी। शो के विजेता को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके साथ ही हर सप्ताह नए कंटेस्टेंट्स की एंट्री और एलिमिनेशन गेम को लगातार नया मोड़ देते रहेंगे।
द एलायंस का डेली-रिलीज़ फॉर्मेट इसे और भी खास बनाता है। दर्शकों को हर दिन एक नया एपिसोड देखने का मौका मिलेगा, जिससे गेम की रफ्तार बनी रहेगी और कहानी लगातार आगे बढ़ती रहेगी। पहला एपिसोड अब प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है और शुरुआत ने ही साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में इस खेल में कई ऐसे मोड़ देखने को मिलेंगे, जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।