Edited By Reetu sharma,Updated: 16 Sep, 2026 06:00 PM

'द पैराडाइज’ को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। The Paradise में नेचुरल स्टार नानी का बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिलने वाला है। फिल्म के टीजर और गानों ने पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त बज बना दिया है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 'द पैराडाइज’ को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। The Paradise में नेचुरल स्टार नानी का बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिलने वाला है। फिल्म के टीजर और गानों ने पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त बज बना दिया है।
नानी और श्रीकांत ओडेला की फिर बनी जोड़ी
फिल्म का निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं। नानी और डायरेक्टर की यह दूसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों की जोड़ी ‘दसरा’ जैसी सफल फिल्म दे चुकी है। ऐसे में ‘द पैराडाइज’ को लेकर फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ी हुई हैं। फिल्म में नानी का किरदार रॉ और इंटेंस अंदाज में नजर आने वाला है।
राघव जुयाल ने बताया फिल्म का असली पहलू
फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने ‘नो फिल्टर जस्ट ड्राइव’ नाम से एक वीडियो जारी किया है। इसमें श्रीकांत ओडेला और फिल्म में विलेन का किरदार निभा रहे राघव जुयाल कार में सफर करते हुए फिल्म को लेकर बातचीत करते नजर आए। इस दौरान राघव ने साफ किया कि ‘द पैराडाइज’ को सिर्फ एक्शन फिल्म समझना बड़ी भूल होगी। उनके मुताबिक टीजर में भले ही दर्शकों को जबरदस्त एक्शन दिखाई दे रहा हो, लेकिन फिल्म में इमोशंस की भी अहम भूमिका है।
मां-बेटे के रिश्ते पर आधारित है कहानी
राघव ने बातचीत में कहा कि फिल्म में पहचान से जुड़ा इमोशन है। इसके साथ ही मां और बेटे के रिश्ते और उनके बीच के मतभेदों को भी कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। उन्होंने इशारा किया कि फिल्म दर्शकों को एक्शन के साथ इमोशनल सफर पर भी लेकर जाएगी।
एक्टर ने यह भी कहा कि वह कहानी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते, क्योंकि उन्हें नहीं पता कि यह इंटरव्यू फिल्म के किस चरण में रिलीज होगा। हालांकि उनकी बातों से इतना जरूर साफ है कि फिल्म में एक्शन के साथ मजबूत कहानी और भावनात्मक पहलू भी देखने को मिलेगा।
गानों ने बनाया रिकॉर्ड
‘द पैराडाइज’ के गानों को भी दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म के पहले गाने ‘आया शेर’ ने यूट्यूब पर 200 मिलियन से ज्यादा व्यूज और 1.8 मिलियन से ज्यादा लाइक्स हासिल किए हैं। वहीं, इसके दूसरे गाने ‘येशानागुला’ को भी 103 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है और इसे 700K से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।
24 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
SLV सिनेमाज के प्रोडक्शन में बनी ‘द पैराडाइज’ 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम समेत आठ भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म के ग्लोबल स्केल को देखते हुए मेकर्स के हॉलीवुड स्टार रयान रेनॉल्ड्स से इंटरनेशनल मार्केट में फिल्म को प्रेजेंट करने के लिए संपर्क करने की खबरें भी सामने आई हैं।