Edited By Manisha,Updated: 19 Sep, 2026 03:26 PM

अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा की आगामी फिल्म में दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान की एंट्री हो गई है। फिल्म में वह महात्मा गांधी की मां पुतलीबाई का किरदार निभाएंगी, जबकि मनोज बाजपेयी गांधी की भूमिका में नजर आएंगे।
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा एक ऐसी कहानी को पर्दे पर लाने की तैयारी कर रहे हैं, जो महात्मा गांधी के जीवन से जुड़े एक बेहद महत्वपूर्ण और कम चर्चित दौर पर आधारित है। फिल्म में नेशनल अवॉर्ड विनिंग अभिनेता मनोज बाजपेयी महात्मा गांधी की भूमिका निभा रहे हैं। अब इस प्रोजेक्ट में हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान की एंट्री हो गई है। अभिनेत्री फिल्म में गांधीजी की मां पुतलीबाई का किरदार निभाती नजर आएंगी।
पुतलीबाई के किरदार में दिखेंगी वहीदा रहमान
फिल्म की कहानी महात्मा गांधी के जीवन के उन 21 दिनों पर केंद्रित है, जिन्हें इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय के तौर पर देखा जाता है। ऐसे में पुतलीबाई का किरदार कहानी में भावनात्मक स्तर पर भी खास महत्व रखता है। मेकर्स का मानना है कि वहीदा रहमान जैसी अनुभवी अभिनेत्री की मौजूदगी इस किरदार को और गहराई देगी। फिल्म में गांधी के जीवन, उनके फैसलों और उस दौर की परिस्थितियों को एक अलग नजरिए से पेश करने की कोशिश की जा रही है। मनोज बाजपेयी के साथ सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
सुधीर मिश्रा के लिए सपने जैसा है वहीदा जी के साथ काम करना
वहीदा रहमान के फिल्म से जुड़ने पर निर्देशक सुधीर मिश्रा ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “मुझे यह कहते हुए बहुत खुशी हो रही है कि वहीदा जी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने जा रही हैं। ‘प्यासा’, ‘साहिब बीबी और गुलाम’, ‘कागज के फूल’ और ‘गाइड’ जैसी फिल्मों से मेरा बहुत गहरा और निजी जुड़ाव है। मैं उनकी इन फिल्मों को देखते हुए बड़ा हुआ हूं। इन फिल्मों ने मेरे दिल और सोच पर ऐसी जगह बनाई है, जिसे शब्दों में पूरी तरह बता पाना मुश्किल है। मुझे अब भी यकीन नहीं होता कि इन ऐतिहासिक फिल्मों का हिस्सा रह चुकीं वहीदा जी अब मेरे डायरेक्ट किए जा रहे प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने जा रही हैं। यह मेरे लिए बहुत खास और किसी सपने जैसा है।” उन्होंने कहा कि इस फिल्म में वहीदा रहमान का होना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है।
अनुभव सिन्हा ने भी जताई खुशी
फिल्म के निर्माता अनुभव सिन्हा ने भी वहीदा रहमान के प्रोजेक्ट से जुड़ने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “वहीदा जी के साथ बैठकर आम तौर पर फिल्मों पर बात करना और खास तौर पर इस फिल्म के बारे में बात करना मेरे लिए बड़ा सम्मान रहा है। मुझे खुशी है कि सुधीर और फिल्म की स्क्रिप्ट ने उन्हें सेट पर वापस लेकर आने में कामयाबी हासिल की है।” फिल्म को अनुभव सिन्हा और नरेंद्र हिरावत ए बनारस मीडियावर्क्स के बैनर तले प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि NH स्टूडियोज इसे प्रेजेंट कर रहा है।
आजादी के दौर की कहानी को नए नजरिए से पेश करेगी फिल्म
सुधीर मिश्रा के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के जरिए मेकर्स महात्मा गांधी के जीवन के एक ऐसे दौर को सामने लाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके बारे में आमतौर पर कम चर्चा होती है। मनोज बाजपेयी, वहीदा रहमान और सौरभ शुक्ला जैसे कलाकारों के साथ यह प्रोजेक्ट इतिहास और व्यक्तिगत भावनाओं के बीच एक कड़ी बनाने की कोशिश करेगा। फिल्म की कहानी को भारत की आजादी के बड़े इतिहास से जोड़ते हुए गांधी के जीवन और उनके फैसलों को करीब से देखने का नजरिया पेश किया जाएगा। अब वहीदा रहमान के जुड़ने के बाद इस फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।