Edited By ashwani,Updated: 09 Nov, 2020 12:24 AM
सुर्खियां बटोरने के लिए नकारात्मक बयानबाजी ठीक नहीं: गुप्ता
चंडीगढ़, (बंसल): हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के निंदा की है, जिसमें उन्होंने सदन में लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया है। गुप्ता ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही का संचालन पूरी तरह से नियमावली के तहत किया गया है, इसके बावजूद नेता प्रतिपक्ष ने इस विषय में अपना मत नकारात्मक ढंग से प्रस्तुत किया है।
गुप्ता ने कहा लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर दल और जनप्रतिनिधि को सदन में अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन इसके लिए नियमावली का पालन आवश्यक है। यह नियम सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों पर समान रूप से लागू होते हैं। संसद की ओर से पारित कृषि संबंधी तीन कानूनों के खिलाफ अगर कांग्रेस को हरियाणा विधानसभा में प्रस्ताव लेकर आना था तो इसके लिए नियमों का पालन करना आवश्यक था, लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अनेक अनुभवी नेता इस सदन के सदस्य हैं, इसलिए उन्हें इस नियम की ठीक से जानकारी होनी चाहिए कि कोई भी गैर सरकारी संकल्प या प्राइवेट मेंबर बिल सत्र शुरू होने से 15 दिन पहले ही पेश किया जा सकता है। अगर कांग्रेस केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ गैर-सरकारी संकल्प या प्राइवेट मेंबर बिल लाना चाहती थी तो उसे निश्चित समय अवधि में लाना चाहिए था। इसके अलावा कांग्रेस जो प्रस्ताव लाई उसकी भाषा संसदीय आचरण के अनुरूप नहीं थी। विधायी कसौटियों पर खरा नहीं उतरने के कारण उस पर एलआर की सहमति भी नहीं मिल सकी।