Edited By Priyanka rana,Updated: 30 Jan, 2020 08:36 AM
गांव छोटा त्रिलोकपुर में आश्रम में सेवा करने आई दो नाबालिग सगी बहनों के साथ आश्रम के बाबा ने दुष्कर्म कर डाला।
पंचकूला/रायपुररानी(चंदन/रामेंद्र) : गांव छोटा त्रिलोकपुर में आश्रम में सेवा करने आई दो नाबालिग सगी बहनों के साथ आश्रम के बाबा ने दुष्कर्म कर डाला। महिला थाना पुलिस ने बच्चियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को राऊंडअप कर लिया है। पुलिस ने उसका मैडीकल करवाया।
आश्रम में भाइयों के साथ सेवा करने आई थी :
महिला थाना की एस.एच.ओ. नेहा चौहान ने बताया कि पुलिस को बच्चियों ने दी शिकायत में बताया है कि दोनों बहनें हिमाचल के बद्दी की रहने वाली हैं। 25 जनवरी को दोनों बहने अपने भाइयों के साथ छोटा त्रिलोकपुर स्थित स्वामी लक्ष्यानंद के आश्रम में सेवा करने आई थी।
आरोपी स्वामी ने दोनों बहनों और भाइयों को अलग-अलग कमरों में रखा। आरोपी दोनों बच्चियों के साथ तीन दिन तक दुष्कर्म करता रहा। आरोपी ने दोनों को धमकी दी अगर उन्होंने किसी को इस बारे में बताया तो वह उन्हें जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी ने दोनोंं को घर जाने दिया। घर जाकर बच्चियों ने आपबीती परिजनोंं को बताई। आरोपी इस पहले भी बच्चियों के साथ घिनौना काम कर चुका है।
परिजन ने दी थाने में शिकायत :
मंगलवार को बच्चियों के परिजन शिकायत देने रायपुररानी थाने पहुंचे थे। वहां से उन्हें महिला थाने भेज दिया गया। महिला थाना पुलिस ने काऊंसलिंग करने के बाद दोनों बच्चियों का सैक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल में मैडीकल करवाया। पुलिस ने दोनों की शिकायत पर आरोपी स्वामी लक्ष्यानंद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे राऊंडअप कर लिया।