Edited By Surinder Kumar,Updated: 11 May, 2021 06:09 PM
विधायक बोले मेरा प्रपोजल रिजेक्ट तो किसकी परमिशन से गगरेट के विधायक तोड़ रहे कन्टेनमेंट जोन
ऊना(विशाल स्याल): अपने विधानसभा क्षेत्र के हर गांव व हर मोहल्ले को अपने स्तर पर सैनीटाइज करने की प्रशासन से सदर विधायक सतपाल रायजादा द्वारा मांगी इजाजत को अप्रूव करने से प्रशासन ने इंकार कर दिया है और उनके आग्रह पर इजाजत देने से इंकार कर दिया है। डी.एम. ऊना ने कफ्र्यू आर्डर का हवाला देते हुए सदर से कांग्रेसी विधायक सतपाल रायजादा को विस क्षेत्र को सैनीटाइज करवाने की इजाजत नहीं दी है। इस पर कांग्रेसी विधायक सतपाल रायजादा तल्ख हो गए हैं और उन्होंने प्रशासन पर राजनीतिक दबाव व दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।
सतपाल रायजादा ने कहा कि वह प्रशासन से बाकायदा इजाजत लेकर यह कार्य करना चाहते थे लेकिन उनके इस आग्रह को कफ्र्यू का हवाला देकर ठुकराया गया है जबकि गगरेट के भाजपा विधायक किसकी परमिशन से घर-घर जाकर सामान बांट रहे हैं? वह किस प्रशासन की अनुमति से कन्टेनमैंट जोन में नियमों को तोड़ते हुए घुस कर घरों में सामान दे रहे हैं? गगरेट विस क्षेत्र के ही एक जिप सदस्य भी किसी की परमिशन से लोकहित के कार्य में लगे हुए हैं? वहीं ऊना भाजपा मंडल भी बैठकों के दौरान अपने कार्यकत्र्ताओं को बाहर निकलकर लोकहित के कार्य करने को कहा रहा है तो क्या रोक सिर्फ कांग्रेसियों पर ही है? प्रशासन दोहरे मापदंड किस आधार पर ले रहा है?
विधायक रायजादा ने कहा कि वह जनता द्वारा चुने हुए विधायक हैं और उनका फर्ज है कि वह जनहित के कार्य करें। इसके लिए नियम कायदों के अनुसार प्रशासन से आग्रह करते हुए परमिशन मांगी गई थी ताकि बाद में कोई यह आरोप न लगाए कि कोई नियम कायदे तोड़े गए लेकिन प्रशासन का भाजपा नेताओं व कांग्रेसी नेताओं के लिए अलग-अलग मापदंड है और इसी फार्मेट पर प्रशासन व सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि यह बात यहीं तक नहीं रूकेगी इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
डी.एम. राघव शर्मा का कहना है कि कफ्र्यू के चलते विधायक को विस क्षेत्र को सैनीटाइज करने की इजाजत फिलहाल नहीं दी गई है। सैनीटाइजेशन का काम पहले से नियुक्त लोकल बॉडीज करेंगी।