Edited By Pardeep,Updated: 27 Feb, 2020 06:37 AM
भारत की दो दिवसीय गर्मजोशीपूर्ण यात्रा और भव्य स्वागत से अभिभूत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि भारत महान है और उनकी व्यस्त यात्रा अत्यंत सफल रही। ट्रंप की 24 से 25 फरवरी तक हुई दो दिवसीय भारत यात्रा में उनकी पत्नी मेलानिया और...
वाशिंगटनः भारत की दो दिवसीय गर्मजोशीपूर्ण यात्रा और भव्य स्वागत से अभिभूत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि भारत महान है और उनकी व्यस्त यात्रा अत्यंत सफल रही। ट्रंप की 24 से 25 फरवरी तक हुई दो दिवसीय भारत यात्रा में उनकी पत्नी मेलानिया और अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार राबर्ट ओ’ब्रायन सहित अमेरिकी प्रशासन के अधिकारियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत यात्रा पर गया था।
ट्रंप अहमदाबाद, आगरा और दिल्ली गए। कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर करने के बाद ट्रंप मंगलवार को स्वदेश लौट आए। ट्रंप ने 36 घंटे की अपनी भारत यात्रा के बाद अमेरिका में अपने विमान के उतरने के बाद ट्वीट किया, अभी-अभी उतरा हूं। भारत महान है, यात्रा अत्यंत सफल रही।
मंगलवार को ट्रंप के अमेरिका रवाना होने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत आने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति का धन्यवाद व्यक्त किया और उन्होंने भी ट्रंप की इस यात्रा को बेहद सफल बताया। मोदी ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, भारत-अमेरिका मित्रता से हमारे देशों के लोगों और विश्व को लाभ होता है।