Edited By Tanuja,Updated: 11 Jul, 2018 01:55 PM
इस सदी का सबसे लंबा चन्द्र ग्रहण 27 जुलाई को लगने वाला है। ग्रहण के दौरान चन्द्रमा करीब 4 घंटे के लिए धरती की छाया में आ जाएगा...
यूएईः इस सदी का सबसे लंबा चन्द्र ग्रहण 27 जुलाई को लगने वाला है। ग्रहण के दौरान चन्द्रमा करीब 4 घंटे के लिए धरती की छाया में आ जाएगा। इस ग्रहण को दुबई व कम से कम तीन महाद्वीपों में स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा। दुबई एस्ट्रोनॉमी ग्रुप के अनुसार यह ग्रहण सदी का सबसे लंबा ग्रहण होगा जो करीब 1 घंटे 43 मिनट का होगा। इस चंद्र ग्रहण को वैज्ञानिक ने ‘ब्लड मून’ का नाम दिया है। इस दौरान चंद्रमा खूबसूरत लाल या भूरे रंग का दिखाई देगा। ब्लड मून पूर्ण चन्द्र ग्रहण के दौरान बनने वाले चन्द्रमा के ‘रिंग’ को कहते हैं।
कब दिखेगा चन्द्र ग्रहण
आंशिक चन्द्र ग्रहण 2 घंटे 12 मिनट (22:24 से देर रात 2:19) जबकि पूर्ण चन्द्र ग्रहण 1 घंटे 43 मिनट (रात 23:30 से देर रात 1:13) का होगा। इस चंद्र ग्रहण का नजारा भारत, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अमरीका, अफ्रीका और पश्चिम एशिया में देखा जा सकता है। वैज्ञानिकों ने इस बारे में कहा कि ये चंद्र ग्रहण ब्रिटेन के समय के अनुसार 9.22 मिनट पर तेजी से चमकेगा। चंद्र ग्रहण होने के बावजूद इस बार चांद काला नहीं बल्कि, तांबे के रंग जैसा नारंगी या गहरा लाल दिखाई देगा। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि सूर्य और चांद के बीच में पृथ्वी आ जाती है, जिस वजह से चांद पर पूरा प्रकाश नहीं पहुंच पाता है।
क्या होता है ब्लड मून
पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान सूरज और चांद के बीच पृथ्वी आ जाती है। इससे चांद पर पूरी रोशनी नहीं पड़ती है। ऐसे में वायुमंडल से होते हुए कुछ रोशनी चांद पर पड़ती है। सूर्य की रोशनी चांद पर पड़ने से वह हल्का लाल हो जाता है। जब चांद पृथ्वी के ठीक पीछे पहुंचता है तो उसका रंग और गहरा हो जाता है।
खुली आंखों से देखा जा सकता है चंद्र ग्रहण
सूर्य ग्रहण की तरह चंद्र ग्रहण देखने के लिए किसी खास उपकरण की जरूरत नहीं होती है। चंद्र ग्रहण का नजरा खुली आंखों से देखा जा सकता है। यह पूरी तरह सुरक्षित है। जबकि, सूर्य ग्रहण के दौरान सोलर रेडिएशन से आंखों के नाजुक टिशू डैमेज हो जाते है।