चीन में मृतकों का आंकड़ा 3000 के पार, ईरान में मरने वालों की संख्या हुई 107

Edited By Tanuja,Updated: 05 Mar, 2020 04:56 PM

china death toll tops 3 000 due to coronavirus

चीन में कोरोना वायरस से 31 और लोगों की मौत हो गई हैं। इसके बाद मरने वालों की संख्या 3000 के पार पहुंच गई है। वहीं कुल पुष्ट मामलों की संख्या 80,400 से ज्यादा है...

 

बीजिंगः चीन में कोरोना वायरस से 31 और लोगों की मौत हो गई हैं। इसके बाद मरने वालों की संख्या 3000 के पार पहुंच गई है। वहीं कुल पुष्ट मामलों की संख्या 80,400 से ज्यादा है। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने चौकसी में किसी भी तरह की कमी नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि संक्रमण से सबसे बुरी तरह से प्रभावित वुहान में सकारात्मक प्रगति के बावजूद स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा ईरान में 15 और मौतों के बाद मरने वालों की संख्या 107 हो गई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बृहस्पतिवार को कहा कि बुधवार को कोरोना वायरस से 139 नए मामलों की पुष्टि हुई है और 31 लोगों की जान गई है। ये सभी मौतें सबसे ज्यादा प्रभावित हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान में हुई हैं।

 

चीन में गंभीर मामलों की संख्या घटी
आयोग ने कहा कि बुधवार को ही संक्रमण के 143 नए संदिग्ध मामले दर्ज हुए हैं, जबकि गंभीर मामलों की संख्या 464 घटकर 5,952 हो गई है। अब भी आशंका है कि 522 लोग इस घातक वायरस से संक्रमित हैं। चीन की मुख्य भूमि में बुधवार रात तक कोविड-19 (बीमारी का आधिकारिक नाम) के कुल 80,409 मामलों की पुष्टि हुई है। इसमें 3,012 वे लोग भी शामिल हैं जिनकी इस बीमारी से मौत हो गई है और 25,352 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 52,045 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बुधवार रात तक, बाहर से आए 20 लोगों में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की सूचना है। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने खबर दी है कि बुधवार रात तक हांगकांग में 104 मामलों की पुष्टि हुई है और दो लोगों की मौत हुई है।

 

चीन के राष्ट्रपति चिनफिंग की जापान यात्रा टली, सिंगापुर में तुर्की से आया यात्री संक्रमित
कोरोना वायरस प्रकोप के चलते चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की जापान की प्रस्तावित आधिकारिक यात्रा टाल दी गई है। जापान सरकार के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। योशीहिदे सुगा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘राष्ट्रपति शी की जापान यात्रा दोनों के लिए सुविधाजनक समय पर होगी।'' सिंगापुर में तुर्की के एक यात्री के कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद इसे फैलने से रोकने के लिए चांगी हवाई अड्डे पर बुधवार को एहतियाती उपायों को तेज कर दिया गया। सिंगापुर में कोरोना वायरस के 112 मामलों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि तुर्किश एयरलाइन की उड़ान टीके54 के यात्रियों में से एक यात्री तीन मार्च को तुर्की से यहां पहुंचा था जो इस वायरस से संक्रमित पाया गया। सिंगापुर में कोरोना वायरस के 112 मामले सामने आये है जिनमें से दो मामलों की पुष्टि बुधवार को हुई।

 

दक्षिण कोरिया में संख्या छह हजार के करीब पहुंची
दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के 145 नये मामले सामने आने के बाद इसके कुल मामलों की संख्या बृहस्पतिवार को 5,766 हो गई। कोरिया रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या अब छह हजार के करीब पहुंच गई है। सियोल में विदेश मंत्रालय के अनुसार अब तक 36 देशों और क्षेत्रों ने उन लोगों पर प्रतिबंध लगाए है जो हाल ही में दक्षिण कोरिया में आये। कोरोना वायरस से निपटने के लिए दक्षिण कोरिया में कई कदम उठाये जा रहे है। देश में आयोजित होने वाले कई कार्यक्रमों को रद्द या स्थगित कर दिया गया है।

 

स्विट्जरलैंड में कोरोना वायरस से पहली मौत
स्विट्जरलैंड में कोरोना वायरस से पीड़ित 74 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। देश में कोरोना वायरस से मौत होने का यह पहला मामला है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान में कहा कि महिला को दो दिन पहले पश्चिमी शहर लुसान के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्विट्जरलैंड में अब तक कोरोना वायरस के 58 मामलों की पुष्टि हुयी है। देश में इसका पहला मामला 25 फरवरी को सामने आया था।  

 

 बेथलहम चर्च किया बंद
कोरोना वायरस का संदिग्ध मामला सामने आने के बाद ईसा मसीह के जन्म स्थान बेथलहम में बने चर्च को बंद कर दिया गया है। बेथलहम के एक होटल में कोरोना वायरस के संदिग्ध मामले के बाद फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्थानीय गिरजाघरों, मस्जिदों और अन्य संस्थानों को बंद करने का आह्वान किया है।  

Related Story

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!