कैंसर का पता चलने पर जीवनभर की सेविंग खर्च कर तुरंत घूमने निकली महिला... एक महीने बाद जब चेकअप करवाया तो सिकुड़ा मिला ट्यूमर

Edited By Updated: 16 Oct, 2026 10:27 AM

chinese woman thyroid cancer photographing penguins antarctica tumour shrunk

कैंसर की खबर मिलने के बाद 67 वर्षीय वांग यिंग (Wang Ying) इलाज  कराने की बजाय एक महीने के लिए घूमने निकल गई और जब घर लौटी तो उसका ट्यूमर सिकुड़ा हुआ मिला। यह हैरान कर देने वाला मामला चीन का है जहां, कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का पता चलने के बाद लोग...

युन्नान: कैंसर की खबर मिलने के बाद 67 वर्षीय वांग यिंग (Wang Ying) इलाज  कराने की बजाय एक महीने के लिए घूमने निकल गई और जब घर लौटी तो उसका ट्यूमर सिकुड़ा हुआ मिला। यह हैरान कर देने वाला मामला चीन का है जहां, कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का पता चलने के बाद लोग हताश हो जाते हैं, वहीं वांग ने अपने जीवन के सबसे बड़े सपने को पूरा करने की राह चुनी। इलाज और सर्जरी से ठीक पहले उन्होंने अंटार्कटिका जाकर पेंगुइन की तस्वीरें खींचने का फैसला किया, और इस एक यात्रा ने उनकी जिंदगी में एक नया मोड़ ला दिया।

बचपन के सपने को पूरा किया और कैंसर को दी मात
चीन के युन्नान प्रांत की रहने वाली वांग यिंग एक स्कूल में प्रशासनिक पद पर कार्यरत थीं। साल 2013 में जब वह अपने रिटायरमेंट की योजना बना रही थीं, तभी एक रूटीन जांच के दौरान उन्हें थायरॉइड कैंसर का पता चला। डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत सर्जरी कराने का सुझाव दिया। वांग को बचपन से ही पक्षियों और वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी का बेहद शौक था। वह अपने जीवन में 1,200 से अधिक दुर्लभ पक्षी प्रजातियों की तस्वीरें ले चुकी थीं। बीमारी की खबर सुनने के बाद उन्होंने तय किया कि अगर जिंदगी का कोई भरोसा नहीं है, तो क्यों न अंटार्कटिका जाकर पेंगुइन को देखने और कैमरे में कैद करने का अपना पुराना सपना पहले पूरा किया जाए।

PunjabKesari

माइनस 10 डिग्री तापमान में लुटा दी जीवनभर की सेविंग
अंटार्कटिका की लगभग एक महीने की इस यात्रा पर करीब 1.5 लाख चीनी युआन (लगभग $22,000 डॉलर) का खर्च आना था। यह रकम उनकी पूरी बचत से भी अधिक थी, ऐसे में उनकी मां ने उनका सहयोग किया और बाकी पैसे दिए। अंटार्कटिका की विषम परिस्थितियों- माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तापमान, हाड़ कंपा देने वाली बर्फीली हवाओं और बर्फबारी- के बावजूद वांग का इरादा नहीं डगमगाया। उनका मुख्य लक्ष्य एक मां पेंगुइन को अपने चूजे को खाना खिलाते हुए फोटो खींचना था। घंटों की कड़ी मेहनत और धैर्य के बाद आखिरकार उन्होंने वह यादगार पल अपने कैमरे में कैद कर ही लिया।

मेडिकल जांच में सामने आया हैरान करने वाला रिजल्ट
अंटार्कटिका के इस अद्भुत सफर से लौटने के बाद वांग जब अस्पताल में अपने फॉलो-अप चेकअप के लिए गईं, तो डॉक्टरों की रिपोर्ट देखकर सब हैरान रह गए। जांच में पाया गया कि एक महीने पहले के मुकाबले उनका ट्यूमर अब पहले से छोटा हो गया था। डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए फिलहाल तुरंत सर्जरी करने से मना कर दिया और उन्हें  रेगुलर मॉनिटरिंग  में रहने की सलाह दी। इस खबर ने वांग को एक नया जीवन और राहत दी।

30 से ज्यादा देशों का सफर अभी यहीं नहीं रूका...
वांग यिंग अब तक दुनिया के 30 से अधिक देशों की यात्रा कर चुकी हैं और उनकी अगली योजनाओं में अमेरिका, पेरू और अफ्रीका के जंगलों का दौरा शामिल है। वांग की यह कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है और लोगों को विपरीत परिस्थितियों में भी मुस्कुराने और सपने जीने की प्रेरणा दे रही है।  

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!