Edited By Tanuja,Updated: 31 Oct, 2020 02:55 PM
फ्रांस में बढ़ती कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बाद सरकार ने गुरुवार शाम को दूसरे लॉकडाउन की घोषणा करने से लोगों में हलचल मच ...
इंटरनेशनल डेस्कः फ्रांस में बढ़ती कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बाद सरकार ने गुरुवार शाम को दूसरे लॉकडाउन की घोषणा करने से लोगों में हलचल मच गई। इसके बाद फ्रांस की राजधानी पेरिस में 700 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। लोग अपना सामान लेकर अपने परिवार-दोस्तों के पास और जरूरी सामान खरीदने के लिए जा रहे थे। कहा जा रहा है इस लंबे जाम का कारण लगने वाला नया लॉकडाउन था जिसकी वजह से लोगों को एक महीने तक अपने घर के अंदर रहना होगा।
लोग इस घोषणा के प्रभावी होने से पहले ही अपनी गाड़ियां उठाकर निकल पड़े। जिस कारण ये जाम लग गया। जाम लगने का दूसरा बड़ा कारण था इस वीकेंड पर पड़ने वाला सेंट्स डे हॉलीडे। इसलिए लोगों ने जाने में ज्यादा तेजी दिखाई। फ्रांस में चिंताएं बढ़ रही थी कि बढ़ता संक्रमण देश की स्वास्थ्य प्रणाली को प्रभावित करेगा। इसलिए अधिकारियों ने शुक्रवार से चार सप्ताह के लॉकडाउन का आदेश दिया। इस दौरान जो सबसे ज्यादा व्यस्त जगहें थीं, वो किराना स्टोर और बाजार थे क्योंकि लोगों ने भोजन और अन्य आवश्यकताओं का स्टॉक किया था। फ्रांस के सभी 6,7 करोड़ लोगों को हर समय घर पर रहने का आदेश दिया गया है।
इस दौरान कोई भी आने-जाने वाला किसी के घर नहीं जा सकता है। हां लेकिन घर के 1 किलोमीटर के भीतर एक दिन के व्यायाम के लिए एक घंटे के लिए बाहर जाने की अनुमति दी जा सकती है। इसके अलावा अस्पताल, काम की जगहों और जरूरी सामान खरीदने के लिए बाहर जाया जा सकता है। रेस्तरां और कैफ़े बंद कर दिए गए हैं। प्रधानमंत्री जीन कास्टेक्स ने गुरुवार को कहा, "दोस्तों के घरों में जाना, दोस्तों के पास जाना और निर्धारित कारणों के अलावा किसी भी चीज के लिए घूमना" असंभव होगा।