Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Jun, 2017 01:29 PM
पूर्वी अफगानिस्तान में पकतिया प्रांत के गरदेज शहर में आज लगभग 5 आत्मघाती हमलावरों ने एक पुलिस मुख्यालय पर हमला कर दिया जिसमें अनेक लोगों के हताहत...
गरदेज(अफगानिस्तान): पूर्वी अफगानिस्तान में पकतिया प्रांत के गरदेज शहर में आज लगभग 5 आत्मघाती हमलावरों ने एक पुलिस मुख्यालय पर हमला कर दिया जिसमें अनेक लोगों के हताहत होने की आशंका है।
अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता नजीब दानिश ने बताया कि आज सुबह लगभग साढ़े छह बजे एक हमलावर ने विस्फोटकों से भरी हुई एक कार को पुलिस मुख्यालय के गेट के पास उड़ा दिया। प्रवक्ता के अनुसार विस्फोट के बाद चार अन्य हमलावर गेट से मुख्यालय के भीतर घुस गए। पुलिस ने दो हमलावरों को तुरंत मार गिराया। शेष दो हमलावर अफगान विशेष सुरक्षाबल के जवानों से भिड़ गए। प्रवक्ता के मुताबिक इस हमले में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और पांच अन्य जवान घायल हो गए। हालांकि शहर के अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार इस हमले में कम से कम पांच पुलिसकर्मियों की मौत हुई है और 20 नागरिकों समेत कम से कम 30 लोग घायल हए हैं।