Edited By Tanuja,Updated: 18 Aug, 2018 05:10 PM
अमरीका में एक इंग्लिश टीचर एलन स्टाकेबल महिला कैदियों को कविताएं लिखना सिखा रही हैं। ओकलाहोमा प्रांत की जेल में वे अब तक 2500 महिला कैदियों को यह गुर सिखा चुकी हैं...
वॉशिंगटनः अमरीका में एक इंग्लिश टीचर एलन स्टाकेबल महिला कैदियों को कविताएं लिखना सिखा रही हैं। ओकलाहोमा प्रांत की जेल में वे अब तक 2500 महिला कैदियों को यह गुर सिखा चुकी हैं। एलन ने 2014 में महिला कैदियों के लिए क्रिएटिव राइटिंग की क्लास शुरू की थी। उन्होंने पांच महिला कैदियों के साथ एक गैर-सरकारी संगठन पोएटिक जस्टिस भी बनाया।
काम की शुरुआत में एलन ने जेल जाकर महिला कैदियों से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं की कहानियां सुनीं और उनकी जिंदगी की मुश्किलें जानीं। एलन कहती हैं, "ये महिलाएं हर किसी के द्वारा नकारी गई होती हैं। कइयों के मन में बचपन की पीड़ा होती है। कई महिला कैदी यौन शोषण का शिकार होती हैं तो कई घरेलू हिंसा का।'' हफ्ते में एक दिन होने वाली क्लास में लेखन के अलावा मजबूती के साथ हर परिस्थिति का सामना करना भी सिखाया जाता है। क्लास के अंत में हर महिला कैदी एक-दूसरे के साथ लिखा शेयर करती हैं।
एलन का आठ हफ्ते का कोर्स होता है। हर महिला कैदी को कागज पर अपनी भावनाएं उकेरने के लिए एक सुंदर प्रिटेंड बुक दी जाती है। एलन के मुताबिक, "जब लोग उनका लिखा हुआ पढ़ते हैं, तो आश्चर्यचकित रह जाते हैं। हर कोई यही मानता है कि वे जेल में हैं तो बेअक्ल होंगे। लेकिन वे हुनरमंद हैं और उनमें बेहतरीन लेखक छिपा हुआ है। कोर्स खत्म होने के बाद इन महिला कैदियों में गजब का आत्मविश्वास नजर आता है। मैं बस इतना चाहती हूं कि वे उम्मीद बरकरार रखें। अगर उन्हें उम्मीद रहेगी तो वे अपनी जिंदगी बदल लेंगी।''