इथियोपिया का सूडान पर कड़ा एक्शन; वाणिज्य दूतावास बंद करने का आदेश, 6 राजनयिकों को 48 घंटे में देश छोड़ने का फरमान

Edited By Updated: 05 Nov, 2026 01:11 PM

ethiopia expels 6 sudan diplomats orders closure of consulate

इथियोपिया ने सूडान के सीमावर्ती शहर असोसा में स्थित उसके वाणिज्य दूतावास को बंद करने का आदेश दिया है और छह कर्मचारियों को निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई सूडान के उन आरोपों के बीच हुई है, जिनमें इथियोपिया की जमीन से ड्रोन उड़ाकर उसके बुनियादी...

Addis Ababa: इथियोपिया ने सूडान के वाणिज्य दूतावास को बंद करने का दिया आदेश, छह कर्मचारी निष्कासित नैरोबी, पांच नवंबर (एपी) इथियोपिया ने सूडान से सटी सीमा के निकट स्थित अपने पश्चिमी शहर असोसा में सूडान के वाणिज्य दूतावास के छह कर्मचारियों को निष्कासित कर दिया है और दूतावास को बंद करने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस घटनाक्रम को दोनों अफ्रीकी देशों के बीच बढ़ते कूटनीतिक तनाव के रूप में देखा जा रहा है। यह कदम सूडान के उन आरोपों के बीच उठाया गया है, जिनमें उसने कहा था कि उसके बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे ड्रोन इथियोपिया के क्षेत्र से उड़ाए जा रहे हैं। सूडानी कर्मचारियों का निष्कासन इथियोपिया द्वारा एक अक्टूबर को इरीट्रिया के 10 राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश देने और वहां स्थित अपना दूतावास बंद करने के फैसले के बाद हुआ है।

 

इसके जवाब में इरीट्रिया ने इथियोपिया के साथ कूटनीतिक संबंध तोड़ लिए थे। इथियोपिया ने पिछले महीने मिस्र के एक राजनयिक को भी निष्कासित किया था। नील नदी पर इथियोपिया द्वारा बनाए गए विशाल बांध को लेकर मिस्र के साथ उसके संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण रहे हैं। मिस्र को आशंका है कि इस बांध से उसकी जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है। इथियोपिया के एक खुफिया अधिकारी ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि सूडान के वाणिज्य दूतावास के छह कर्मचारियों को देश छोड़ने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था।

 

सूडान के एक अधिकारी ने भी निष्कासन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इथियोपिया के अधिकारियों ने रविवार को सूडान के राजदूत को तलब कर वाणिज्य दूतावास बंद करने के फैसले की जानकारी दी थी। उनके अनुसार, ये कर्मचारी मंगलवार शाम रवाना हो गए। किसी भी अधिकारी ने इस फैसले के पीछे का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। इथियोपिया में सूडान के राजदूत ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, पिछले महीने की गई निष्कासन संबंधी कार्रवाइयों के विपरीत, इथियोपिया के विदेश मंत्रालय ने इस बार के कदमों की कोई सार्वजनिक घोषणा नहीं की है।  

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!