Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Aug, 2017 10:34 PM
ब्रिटेन में भारतीय मूल के एक पूर्व बैंककर्मी को एक महिला का यौन उत्पीडऩ करने के लिए पांच वर्ष जेल...
लंदन: ब्रिटेन में भारतीय मूल के एक पूर्व बैंककर्मी को एक महिला का यौन उत्पीड़न करने के लिए पांच वर्ष जेल की सजा सुनाई गई हैं। वर्ष 2015 में वैलेंटाइन डे की रात दोषी जितेन्द्र सिंह ने पीड़िता की मदद करने के बहाने से उसे टैक्सी साझा करने की पेशकश की और इसके बाद वह उसके उत्तरी लंदन स्थित फ्लैट में घुस गया जहां उसने महिला का यौन उत्पीडऩ किया। इस मामले में उसे दोषी पाया गया था।
ब्लैकफ्रायर्स क्राउन कोर्ट में रिकॉर्डर टी ग्रीन ने कल सिंह से कहा ‘‘ आप पर अपने कैरियर की जिम्मेदारी थी लेकिन आपने इसे खो दिया और इसके साथ-साथ आप अच्छे चरित्र से भी दूर चले गए।’’ उन्होंने कहा ‘‘ टैक्सी उसके फ्लैट पर पहुंचने पर आपने महिला का पीछा किया, और जैसे ही वह फ्लैट में घुसी आपने यह सुनिश्चित किया कि वह दरवाजा बंद नहीं कर सके। उसकी अनुमति के बिना आप उसके फ्लैट में घुस गए। ‘इवनिंग स्टैंडर्ड’ ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि सिंह का पता चालक की मदद से चला जिसने पुलिस को वह कैश मशीन दिखाई जिसका इस्तेमाल दोषी ने रास्ते में किया था।
ग्रीन ने कहा‘‘ आपने ऐसे स्थान पर उस पर हमला किया जहां वह खुद को सुरक्षित महसूस कर रही थी और सोने जा रही थी।’’ सिंह को पिछले महीने सुनवाई की समाप्ति के बाद दोषी पाया गया था। महिला ने अपने बयान में कहा था कि 14 फरवरी 2015 की तड़के यह घटना हुई और इससे उसे काफी आघात पहुंचा है।