Edited By Tanuja,Updated: 08 Oct, 2018 11:54 AM
चीन सरकार की हिरासत में रखे गए इंटरपोल के प्रमुख मेंग होंगवेई ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह जानकारी देते इंटरपोल ने बताया कि उसे मेंग का इस्तीफा मिल गया है...
पेइचिंगः चीन सरकार की हिरासत में रखे गए इंटरपोल के प्रमुख मेंग होंगवेई ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह जानकारी देते इंटरपोल ने बताया कि उसे मेंग का इस्तीफा मिल गया है। संगठन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्होंने तत्काल प्रभाव से पद छोड़ दिया है और दक्षिण कोरिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष किम जोंग यांग कार्यकारी प्रमुख की जिम्मेदारी संभालेंगे। मेंग इंटरपोल के पहले चीनी प्रमुख थे।
बता दें कि चीन ने रविवार को बताया था कि वह कानून का उल्लंघन करने के आरोप में मेंग के खिलाफ जांच कर रहा है। उन पर चीन के राष्ट्रीय पर्यवेक्षण आयोग के कानून को तोड़ने का आरोप है। मेंग चीन के सार्वजनिक सुरक्षा उपमंत्री भी हैं। इससे पहले खबर आई थी कि इंटरपोल के प्रमुख चीन दौरे पर लापता हो गए हैं।
इंटरपोल का मुख्यालय फ्रांस के लियोन शहर में है। फ्रांस से मिली खबरों के अनुसार मेंग को आखिरी बार 29 सितंबर को फ्रांस में देखा गया था। खबरों के अनुसार फ्रांस के एक अनाम न्यायिक अधिकारी ने कहा कि मेंग सितंबर के आखिर में चीन गए थे लेकिन तब से उनकी कोई खबर नहीं है।