Edited By ,Updated: 14 Jan, 2017 01:32 PM
स्पेन और हंगरी में 2 अलग-अलग घटनाओं में एेसे 5 लोगों को गिरफ्तार किया है ...
मैड्रिड: स्पेन और हंगरी में 2 अलग-अलग घटनाओं में एेसे 5 लोगों को गिरफ्तार किया है जिनके इस्लामिक स्टेट के जिहादियों के साथ संबंध होने का संदेह है। पुलिस ने कई हथियार भी जब्त किए हैं। स्पेन के गृह मंत्रालय ने कल कहा कि मोरक्को के एक व्यक्ति को डच पहचान वाले दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया गया है। इसके आईएस से संबंध होने का संदेह है। यह हाल ही में तुर्की से स्पेन आया था।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्राधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि उसका वापस आने का मकसद कहीं ‘‘ यूरोप में किसी प्रकार की गतिविधि को अंजाम देना तो नहीं था। ’’ मंत्रालय ने कहा कि डच प्राधिकारियों और कई देशों की खुफिया एजेंसियों की मदद से स्पेन पुलिस उस व्यक्ति का पता लगा पाई। वहीं एक अन्य अभियान में पुलिस ने स्पेन के 2 लोगों को गिरफ्तार किया है जो उस संगठन के सदस्य थे जो ‘‘ आतंकी गतिविधियों करने के लिए प्रतिबद्ध ’’ था। पुलिस ने सेउटा में अपने अभियान के अंतर्गत 6 घरों की तलाशी में एक बंदूक और तीन चाकू भी बरामद किए हैं। इस बीच हंगरी के प्राधिकारियों ने फ्रांस और बेल्जियम की दो युवा महिलाओं को गिरफ्तार किया है जो कथित तौर पर सीरिया में आईएस में शामिल होना चाहती थीं।