Edited By Tanuja,Updated: 01 Dec, 2019 10:46 AM
बिरटेन के लंदन शहर में शुक्रवार को एक ब्रिज पर हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली है। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई थी व हमलावर भी पुलिस की कार्रवाई...
लंदनः बिरटेन के लंदन शहर में शुक्रवार को एक ब्रिज पर हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली है। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई थी व हमलावर भी पुलिस की कार्रवाई में मारा गया था। आईएस ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कई देशों के समूह का जिक्र करते हुए कहा, 'लंदन हमला करने वाला व्यक्ति इस्लामिक स्टेट का लड़ाका था और उसने गठबंधन देशों के नागरिकों को निशाना बनने के आह्वान के जवाब में ऐसा किया।' आईएस की ओर से हमलावर से संबंध को लेकर कोई सबूत पेश नहीं किया गया है।
लंदन पुलिस काउंटर टेररिज्म टीम के हेड नील बसु ने मीडिया को बताया था कि हमलावर की पहचान पाकिस्तानी मूल के उस्मान खान (28) के रूप में हुई है। खान को साल 2012 में आंतकवादी गतिविधियों में दोषी पाते हुए सजा सुनाई गई थी, उसे 2018 में जेल से रिहा किया गया था। बता दें कि, शुक्रवार को ब्रिटेन के मशहूर लंदन ब्रिज पर उस्मान खान द्वारा चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दिया गया था। उसने ब्रिज पर 5 लोगों को घायल कर दिया था, जिसमें से दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही ढेर कर दिया। उसकी तलाशी लेने पर विस्फोटक जैकेट मिली जिसे पुलिस ने जांच में नकली पाया था।
उस्मान खान का पाकिस्तान से कनेक्शन निकला है। उस्मान खान ने किशोरावस्था में अपना समय पाकिस्तान में बिताया। उस्मान खान आतंकी संगठन अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट से प्रभावित था। उसे पहले भी आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े मामलों में सजा दी जा चुकी है। साल 2012 में सजा सुनाते वक्त न्यायाधीश ने उसे खतरनाक जिहादी बताया था और साथ ही कहा था कि उसे तब तक नहीं छोड़ा जाना चाहिए, जब तक वह लोगों के लिए खतरा है।
फरवरी 2012 में खान को 8 साल कैद की सजा सुनाई गई थी.।उस वक्त उस्मान के निशाने पर लंदन के तत्कालीन मेयर और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन थे। इसके बाद 2013 में कोर्ट ऑफ अपील ने उसे 16 साल कैद की सजा सुनाई। रिपोर्ट्स के मुताबिक 7 साल पहले उस्मान ने लंदन स्टॉक एक्सचेंज को बम से उड़ाने की योजना बनाई थी। उस्मान ने पाक अधिकृत कश्मीर में अपनी खानदानी जमीन पर आतंकी ट्रेनिंग कैंप भी बनाया था।