दक्षिणी लेबनान में इजराइली एयरस्ट्राइक, महिलाओं और बच्चों समेत 12 की मौत

Edited By Updated: 07 Sep, 2026 10:06 PM

israeli airstrike in southern lebanon kills 12 including women and children

दक्षिणी लेबनान के एक गांव पर सोमवार तड़के इजराइल की वायुसेना द्वारा किए गए हवाई हमले में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। सोमवार के ये हमले दो महीने से भी...

कफर रुम्मानः दक्षिणी लेबनान के एक गांव पर सोमवार तड़के इजराइल की वायुसेना द्वारा किए गए हवाई हमले में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। सोमवार के ये हमले दो महीने से भी अधिक समय पहले हुए संघर्ष विराम के बावजूद इजराइल और चरमपंथी संगठन हिजबुल्ला में फिर से बढ़ते तनाव के दौरान हुए हैं।

कुछ दिन पहले इजराइल की सेना ने दावा किया था कि उसका रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अली ताहेर पहाड़ी पर ''कब्जा'' है। यह पहाड़ी कई गांवों के साथ-साथ नबातीह शहर की ओर जाने वाली मुख्य सड़कों पर नजर रखने के लिए रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमले में एक इमारत को भी निशाना बनाया गया, जिसमें एक बच्चे और दो महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई। इसने बताया कि हमले में चार बच्चों और दो महिलाओं सहित 11 लोग घायल भी हुए हैं।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि गांव में एक कार पर हुए अन्य हवाई हमले में 'लेबनानी इस्लामिक रिसाला स्काउट एसोसिएशन' के एक स्वास्थ्यकर्मी की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। इससे पहले सोमवार को इजराइल की सेना ने दीर अल-जहरानी गांव में एक घर को खाली करने की चेतावनी जारी की थी और इसके तुरंत बाद एक इमारत पर हमला किया गया। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इससे पहले रविवार को भी इजराइल की ओर से दक्षिणी लेबनान में किए गए हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी और एक खाली अस्पताल पूरी तरह जमींदोज हो गया था। 
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!