Edited By Tanuja,Updated: 12 Jul, 2018 06:11 PM
23 साल की उम्र में अपने बलबूते पर दुनिया का सबसे युवा अरबपति बनने का खिताब हासिल करने वाले फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का अब यह खिताब 20 साल की एक लड़की अपने नाम करने वाली है। कर्दाशियां परिवार की सदस्य और रियलिटी टीवी स्टार 20 साल की...
न्यूयार्कः 23 साल की उम्र में अपने बलबूते पर दुनिया का सबसे युवा अरबपति बनने का खिताब हासिल करने वाले फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का अब यह खिताब 20 साल की एक लड़की अपने नाम करने वाली है। कर्दाशियां परिवार की सदस्य और रियलिटी टीवी स्टार 20 साल की काइली जेनर की कमाई 90 करोड़ डॉलर (तकरीबन 6117 करोड़ रुपए) से ज्यादा है। उनकी कमाई का यह आंकड़ा फोर्ब्स ने बताया है।
काइली सिर्फ एक रियलिटी टीवी स्टार नहीं हैं, बल्कि वह एक सफल बिजनेसवुमन भी हैं। वह काइली कॉस्मेटिक्स नाम से मेकअप कंपनी चलाती हैं। फोर्ब्स के मुताबिक उन्होंने दो साल पहले अपनी कंपनी की शुरुआत की थी। उन्होंने महज 2000 रुपए की लिप किट के साथ अपने कारोबार की शुरुआत की थी। फोर्ब्स के मुताबिक तब से लेकर अब तक काइली ने 63 करोड़ डॉलर से ज्यादा के उत्पाद बेच लिए हैं। फोर्ब्स ने काइली की कंपनी की वैल्यू 80 करोड़ डॉलर (5486 करोड़ रुपए) लगाई है।
फोर्ब्स के मुताबिक अपनी कंपनी और टेलीविजन प्रोग्राम्स, एंडोर्समेंट्स और आफ्टर-टैक्स डिविंडेंड से काइली ने 90 करोड़ डॉलर (तकरीबन 6117 करोड़ रुपये) की कमाई की है। मैगजीन ने अनुमान लगाया है कि अगले साल वह मार्क जुकरबर्ग का सबसे युवा अरबपति बनने का तमगा छीन लेंगी।काइली अगले महीने 21 साल की हो जाएंगी।