Edited By Tanuja,Updated: 13 Oct, 2020 08:28 AM
चीन को अपनी आक्रामक नीतियों के चलते कई देशों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। ताइवान के कड़े कदम के बाद अब मलेशिया ने ...
इंटरनेशनल डेस्क: चीन को अपनी आक्रामक नीतियों के चलते कई देशों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। ताइवान के कड़े कदम के बाद अब मलेशिया ने अपनी जलसीमा में 60 चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चीन में रजिस्टर्ड 6 मछली मारने वाले जहाज भी जब्त किए हैं। मलेशियाई अधिकारियों ने कहा कि ये लोग मलेशिया की जलसीमा में घुस आए थे। बता दें कि चीन दक्षिण चीन सागर में अपनी दादागिरी दिखाता रहा है।
साल 2016 से 2019 के बीच चीन ने मलेशिया के स्पेशल इकॉनॉमिक जोन में 89 बार घुसपैठ की है लेकिन अब मलेशिया ने सख्त कदम उठाए हैं। दरअसल, दक्षिणी चीन सागर खनिजों के लिहाज से समृद्ध इलाका है, इसके इलावा इस रूट से दुनिया के व्यापार का बड़ा हिस्सा गुजरता है। यही वजह है कि चीन हर हाल में यहां से पीछे नहीं हट रहा है और यही वजह है कि पड़ोसी देशों के साथ ही उसकी अमेरिका से भी तनातनी है। मलेशियाई मैरी टाइम इन्फोर्समेंट एजेंसी ने कहा कि चीनी जहाजों और मछुआरों को जोहोर राज्य के पास समंदर में पकड़ा गया।
MMEA के रीजनल डायरेक्टर मो. जुल्फदली नयन ने बताया कि ये सभी जहाज चीन के किन्हुआंगडाओ में रजिस्टर्ड हैं. गिरफ्तार किए गए लोगों में छह जहाजों के कप्तान और 54 मछुआरे हैं। एजेंसी ने कहा कि शायद ये जहाज मॉरिटानिया जा रहे थे, लेकिन किसी गड़बड़ी की वजह से रुक गए थे। इस साल की शुरूआत में एक चीनी खोजी जहाज मलेशिया के एक्सक्लूसिव इकॉनॉमिक जोन में एक महीने तक रहा था। जिसकी मलेशियाई तेल खोजी जहाज के साथ विवादित इलाके में तनातनी हुई थी।