Edited By Tanuja, Updated: 24 May, 2022 04:21 PM

श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के बाद अब पूर्व कैबिनेट मंत्री नमल राजपक्षे ने उनके देश को दो अरब रुपए की मानवीय सहायता और...
कोलंबो: श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के बाद अब पूर्व कैबिनेट मंत्री नमल राजपक्षे ने उनके देश को दो अरब रुपए की मानवीय सहायता और आवश्यक वस्तुएं मुहैया कराए जाने को लेकर भारत का आभार जताया है। पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे के बेटे नमल राजपक्षे ने ट्वीट कर कहा कि, भारत ने हमेशा श्रीलंका की सहायता की है। भारत ने हमेशा एक बड़े भाई की तरह उनका साथ दिया है। हम भारत का अहसान कभी नहीं भूलेंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का आभार जताया और आगे कहा कि, वे भारत के लोगों के आभारी हैं। बता दें कि, श्रीलंका में आर्थिक हालात काफी खराब हैं। रानिल विक्रमसिंघे के रूप में देश को नया प्रधानमंत्री भी मिल चुका है, लेकिन उसके बाद भी श्रीलंका अपना कर्ज चुकाने की क्षमता नहीं रखता है। ऐसे में भारत की ओर से श्रीलंका को लगातार खाद्य पदार्थ, दवा, दूध समेत कई सामान भेजा जा रहा है।
भारत ने करीब दो अरब रुपए की मानवीय सहायता श्रीलंका को दी है। इसमें दूध पाउडर, चावल और दवाओं समेत कई जरूरी चीजें शामिल हैं। बता दें कि, श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने ट्वीट कर भारत सरकार का आभार जताया है। श्रीलंका के प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, श्रीलंका को आज भारत की ओर से दूध पाउडर, चावल और दवाओं समेत दो अरब मूल्य की मानवीय सहायता मिली है। इसके लिए मैं भारत की जनता, विशेष रूप से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के समर्थन की सराहना करता हूं।
वर्तमान कन्साइनमेंट में भारत की तरफ से श्रीलंका को 9000 मीट्रिक टन चावल, 200 MT मिल्क पाउडर और 24 MT जरूरी दवाइयां भेजी गई हैं। भारत सरकार ने श्रीलंका को करीब 45 करोड़ रुपये की ये राहत सामग्री भेजी है। भारत वर्तमान स्थिति को देखते हुए श्रीलंका को आर्थिक सहायता पहुचाने का प्रयास कर रहा है। इसी वजह से हाल ही में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने श्रीलंका के साथ व्यापारिक लेनदेन को रुपए में करने की बात कही थी।